छिंदवाड़ा प्रेस एसोसिएशन में निर्विरोध चुनी गई नई टीम
प्रवीण काटकर बने अध्यक्ष, गौरव मालवीय उपाध्यक्ष तो ललित साहू को सचिव की जिम्मेदारी
रामकुमार ठाकुर सहसचिव और आनंद वारे कोषाध्यक्ष निर्वाचित, पत्रकार हितों को प्राथमिकता देने का संकल्प
छिंदवाड़ा। छिंदवाड़ा प्रेस एसोसिएशन की नई कार्यकारिणी का निर्वाचन रविवार को निर्विरोध संपन्न हुआ। नामांकन वापसी के बाद सभी प्रमुख पदों पर एक-एक नामांकन शेष रहने से निर्वाचन अधिकारियों ने पूरी कार्यकारिणी को निर्विरोध निर्वाचित घोषित किया। निर्विरोध निर्वाचन के बाद एसोसिएशन के सदस्यों में उत्साह का माहौल देखने को मिला।
दो वर्ष के कार्यकाल के बाद नई कार्यकारिणी के गठन के लिए निर्धारित चुनाव प्रक्रिया के तहत नामांकन, नामांकन वापसी और अंतिम सूची की प्रक्रिया पूरी की गई। निर्वाचन अधिकारी वरिष्ठ पत्रकार गोविंद चौरसिया एवं अशोक चौकसे ने निर्धारित प्रक्रिया पूरी कराने के बाद नवनिर्वाचित पदाधिकारियों की घोषणा की।
इनको मिली संगठन की कमान
निर्वाचन में प्रवीण काटकर को अध्यक्ष, गौरव मालवीय को उपाध्यक्ष, ललित साहू को सचिव, रामकुमार ठाकुर को सहसचिव तथा आनंद वारे को कोषाध्यक्ष निर्वाचित घोषित किया गया।
नई कार्यकारिणी के निर्विरोध निर्वाचन की घोषणा होते ही उपस्थित सदस्यों ने नवनिर्वाचित पदाधिकारियों का स्वागत किया और उन्हें शुभकामनाएं दीं।
वरिष्ठ पत्रकारों की मौजूदगी में हुआ निर्वाचन
निर्वाचन के दौरान एसोसिएशन के वरिष्ठ संरक्षक शरद पाठक, पूर्व कार्यकारिणी अध्यक्ष महेंद्र राय, पूर्व उपाध्यक्ष मुकेश तिवारी, पूर्व सचिव अविनाश सिंह, सचिव अनंत श्रीवास्तव, पूर्व कोषाध्यक्ष आनंद सूर्यवंशी संरक्षक एवं एसोसिएशन के सदस्य मौजूद रहे।
वरिष्ठ सदस्यों ने नई टीम को शुभकामनाएं देते हुए पत्रकारों के हितों, पत्रकारिता की गरिमा और संगठन की एकजुटता को मजबूत करने की अपेक्षा जताई।

पत्रकार हित और संगठन की एकजुटता पर रहेगा जोर
नवनिर्वाचित कार्यकारिणी ने सभी सदस्यों के प्रति आभार व्यक्त करते हुए कहा कि पत्रकारों से जुड़े विषयों को प्राथमिकता दी जाएगी। संगठन को मजबूत बनाने, पत्रकारों के बीच बेहतर समन्वय कायम करने तथा पत्रकार हितों से जुड़े मुद्दों को प्रभावी ढंग से सामने रखने के लिए सामूहिक रूप से कार्य किया जाएगा।
निर्विरोध निर्वाचन को संगठन में आपसी समन्वय और एकजुटता के रूप में देखा जा रहा है। अब नई कार्यकारिणी के सामने पत्रकारों से जुड़े मुद्दों को मजबूती से उठाने और संगठन को नई दिशा देने की जिम्मेदारी होगी।








