Home Uncategorized किसानों को सिंचाई के लिए दिन में भी मिलेगी बिजली : मुख्यमंत्री...

किसानों को सिंचाई के लिए दिन में भी मिलेगी बिजली : मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव

किसानों को सिंचाई के लिए दिन में भी मिलेगी बिजली : मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव
श्योपुर के बलराम कृषि महोत्सव को वर्चुअली किया संबोधित, किसानों के लिए 60 लाख रुपए के विश्राम गृह की घोषणा

भोपाल/श्योपुर। मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव ने कहा है कि मध्यप्रदेश सरकार किसानों को लगातार सुविधाएं उपलब्ध कराने के लिए काम कर रही है। अब किसानों को सिंचाई के लिए दिन के समय भी बिजली उपलब्ध कराने की व्यवस्था की जा रही है, जिससे किसान सुरक्षित और सुविधाजनक तरीके से अपनी फसलों की सिंचाई कर सकेंगे।
मुख्यमंत्री डॉ. यादव कृषि उपज मंडी परिसर, श्योपुर में आयोजित बलराम कृषि महोत्सव एवं किसान मेले को वर्चुअली संबोधित कर रहे थे। इस दौरान उन्होंने श्योपुर जिले के किसानों से संवाद भी किया।
मुख्यमंत्री ने कृषि उपज मंडी श्योपुर में किसानों के लिए नवीन विश्राम गृह के निर्माण हेतु 60 लाख रुपए की घोषणा की। ग्वालियर एयरपोर्ट से वर्चुअल रूप से कार्यक्रम में जुड़ते समय श्योपुर जिले के प्रभारी मंत्री एवं नवीन एवं नवकरणीय ऊर्जा मंत्री राकेश शुक्ला, कृषि मंत्री एदल सिंह कंषाना, वन विकास निगम के अध्यक्ष रामनिवास रावत तथा अपेक्स बैंक के अध्यक्ष महेन्द्र सिंह यादव उपस्थित रहे।
किसान कल्याण वर्ष के रूप में मनाया जा रहा है वर्ष
मुख्यमंत्री डॉ. यादव ने कहा कि प्रदेश में इस वर्ष को किसान कल्याण वर्ष के रूप में मनाया जा रहा है। इसके तहत किसानों के हित में विभिन्न कार्यक्रम और योजनाएं संचालित की जा रही हैं।
उन्होंने बताया कि किसानों को शून्य प्रतिशत ब्याज पर ऋण की सुविधा दी जा रही है। खरीफ और रबी फसलों के लिए ऋण चुकाने की पूर्व निर्धारित अवधि को बढ़ाकर अब एक वर्ष कर दिया गया है। यानी किसान जिस दिन ऋण लेगा, उस दिनांक से एक वर्ष तक उसे ऋण चुकाने की सुविधा मिलेगी।
पशुपालन और दुग्ध उत्पादन को मिलेगा बढ़ावा
मुख्यमंत्री ने कहा कि किसानों की आय बढ़ाने के लिए खेती के साथ-साथ पशुपालन को भी बढ़ावा दिया जा रहा है। उन्होंने अधिक संख्या में दुग्ध सहकारी समितियों के गठन और दुग्ध उत्पादन बढ़ाने पर जोर दिया।
उन्होंने कहा कि श्योपुर जिले में धान और गेहूं का बंपर उत्पादन होता है, वहीं जिले के किसान मोटे अनाजों का उत्पादन भी कर रहे हैं।
मेधावी विद्यार्थियों को दी बधाई
मुख्यमंत्री डॉ. यादव ने 12वीं कक्षा में 75 प्रतिशत से अधिक अंक प्राप्त करने वाले विद्यार्थियों को बधाई दी। उन्होंने कहा कि हाल ही में मेधावी विद्यार्थियों को लैपटॉप खरीदने के लिए 25-25 हजार रुपए की राशि प्रदान की गई है।
मुख्यमंत्री ने लोगों से बच्चों की शिक्षा पर विशेष ध्यान देने और सामाजिक आयोजनों में फिजूलखर्ची रोकने की अपील की। उन्होंने सामूहिक विवाह सम्मेलनों को बढ़ावा देने की बात भी कही। इस अवसर पर मुख्यमंत्री ने प्रदेशवासियों को जन्माष्टमी की शुभकामनाएं भी दीं।
किसान ने बताया योजना का लाभ
मुख्यमंत्री ने कार्यक्रम के दौरान किसानों से संवाद किया। ग्राम राडेप के किसान मुकुट चौधरी ने बताया कि उन्हें शासन की कृषि अभियांत्रिकी योजना के तहत पराली प्रबंधन के लिए कृषि यंत्र सब्सिडी पर प्राप्त हुए हैं।
उन्होंने बताया कि उन्होंने पराली प्रबंधन के लिए सुपर सीडर खरीदा, जिस पर उन्हें 1 लाख 20 हजार रुपए का अनुदान मिला।
बलराम कृषि महोत्सव एवं किसान मेले में पहुंचे किसानों को कृषि वैज्ञानिकों द्वारा खेती-किसानी की आधुनिक तकनीकों और विभिन्न फसलों के संबंध में उपयोगी जानकारी दी गई। मेले में पशुपालन, कृषि, उद्यानिकी, मत्स्यपालन और एनआरएलएम विभाग द्वारा प्रदर्शनी भी लगाई गई।
दिन में बिजली, शून्य प्रतिशत ब्याज पर ऋण और आधुनिक कृषि तकनीक—किसानों की आय बढ़ाने पर सरकार का फोकस