Home CRIME देशी पिस्टल और जिंदा कारतूस के साथ दो आरोपी गिरफ्तार, कार भी...

देशी पिस्टल और जिंदा कारतूस के साथ दो आरोपी गिरफ्तार, कार भी जब्त

देशी पिस्टल और जिंदा कारतूस के साथ दो आरोपी गिरफ्तार, कार भी जब्त
देहात पुलिस की बड़ी कार्रवाई, यूपी के व्यापारी से 55 हजार रुपए में खरीदे थे हथियार

छिंदवाड़ा। थाना देहात पुलिस ने अवैध हथियारों की धरपकड़ के लिए चलाए जा रहे अभियान के तहत दो आरोपियों को देशी पिस्टल और जिंदा कारतूस के साथ गिरफ्तार किया है। पुलिस ने आरोपियों के कब्जे से एक देशी पिस्टल, एक छर्रे वाली पिस्टल, तीन जिंदा कारतूस और एक सफेद रंग की कार जब्त की है।


पुलिस के अनुसार, 29 अगस्त को थाना प्रभारी निरीक्षक गोविंद सिंह राजपूत को मुखबिर से सूचना मिली थी कि पोआमा पानी टंकी के पास एक सफेद रंग की कार क्रमांक CG04-DY-4001 में दो युवक बैठे हैं। इनके पास अवैध हथियार हैं और किसी गंभीर वारदात को अंजाम देने की तैयारी में हैं।


सूचना मिलते ही वरिष्ठ अधिकारियों के मार्गदर्शन में पुलिस टीम गठित कर मौके पर घेराबंदी की गई। पुलिस ने कार में बैठे दोनों युवकों को हिरासत में लेकर तलाशी ली। तलाशी के दौरान उनके पास से एक देशी पिस्टल, एक छर्रे वाली पिस्टल और तीन जिंदा कारतूस बरामद किए गए। पुलिस ने हथियारों के साथ कार को भी जब्त कर लिया।

गोविंद सिंह राजपूत,देहात थाना प्रभारी

यूपी के व्यापारी से 55 हजार में खरीदे हथियार
पूछताछ में आरोपियों ने पुलिस को बताया कि करीब एक वर्ष पहले उन्होंने उत्तर प्रदेश के एक व्यापारी से 55 हजार रुपए में पिस्टल और कारतूस खरीदे थे। पुलिस अब हथियार उपलब्ध कराने वाले यूपी के व्यापारी तक पहुंचने की कोशिश कर रही है। इसके लिए विशेष टीम रवाना किए जाने की बात पुलिस ने कही है।
पुलिस ने दोनों आरोपियों के खिलाफ थाना देहात में अपराध क्रमांक 500/26, धारा 3(5) बीएनएस तथा 25(1-क,ख), 27 आर्म्स एक्ट के तहत मामला दर्ज किया है।


दोनों पर पहले से दर्ज हैं कई मामले
पुलिस के मुताबिक गिरफ्तार आरोपियों के खिलाफ थाना देहात, कुण्डीपुरा, मोहखेड़ और कोतवाली में पहले से कई अपराध दर्ज हैं। पुलिस आरोपियों के आपराधिक रिकॉर्ड की भी जांच कर रही है।
ये हैं गिरफ्तार आरोपी
विकास पिता तिमाजी मर्सकोले, उम्र 25 वर्ष, निवासी कुकड़ीखापा, थाना मोहखेड़, हाल गुलाबरा गली नंबर 15, थाना कोतवाली, छिंदवाड़ा।
मिथुन पिता रामजी उइके, उम्र 31 वर्ष, निवासी उसरिया, थाना देहात, जिला छिंदवाड़ा।
पुलिस टीम की रही अहम भूमिका
कार्रवाई में थाना प्रभारी निरीक्षक गोविंद सिंह राजपूत, सउनि संदीप सिंह राजपूत, आरक्षक 779 सौरभ बघेल, आरक्षक 275 सूरज पाल, आरक्षक 148 शेरसिंह, साइबर सेल से प्र.आर. 811 नितिन और आरक्षक 842 आदित्य की विशेष भूमिका रही। पुलिस अधीक्षक द्वारा कार्रवाई में शामिल टीम को पुरस्कृत किए जाने की घोषणा की गई है।