Home CITY NEWS चारफाटक से निकली भव्य भुजलिया चल समारोह, शहर में गूंजा भाईचारे का...

चारफाटक से निकली भव्य भुजलिया चल समारोह, शहर में गूंजा भाईचारे का संदेश

चारफाटक से निकली भव्य भुजलिया चल समारोह, शहर में गूंजा भाईचारे का संदेश
संतोषी माता मंदिर से शुरू हुआ जुलूस, गंजगंज, रेलवे स्टेशन और श्याम टॉकीज होते हुए मंदिर में हुआ समापन
छिंदवाड़ा। रक्षाबंधन के दो दिन बाद मनाए जाने वाले भुजलिया महोत्सव के अवसर पर रविवार को शहर में भव्य भुजलिया चल समारोह निकाला गया। चारफाटक स्थित श्री संतोषी माता मंदिर से प्रारंभ हुए चल समारोह में बड़ी संख्या में श्रद्धालु, महिलाएं, युवा और शहरवासी शामिल हुए। पारंपरिक भुजलिया लेकर निकले लोगों ने उत्साह और उमंग के साथ पर्व मनाया।


चल समारोह के दौरान लोगों ने एक-दूसरे को भुजलिया भेंट कर आपसी प्रेम, भाईचारे और सामाजिक सौहार्द का संदेश दिया। जुलूस संतोषी माता मंदिर चारफाटक से प्रारंभ होकर गंजगंज, रेलवे स्टेशन और श्याम टॉकीज होते हुए पुनः चारफाटक स्थित संतोषी माता मंदिर पहुंचा, जहां विधिवत समारोह का समापन किया गया।


जगह-जगह हुआ स्वागत
चल समारोह के मार्ग में जगह-जगह श्रद्धालुओं और शहरवासियों ने जुलूस का स्वागत किया। पूरे मार्ग में भुजलिया महोत्सव को लेकर उत्साह और उल्लास का माहौल रहा। पारंपरिक वेशभूषा और धार्मिक भावनाओं के साथ लोगों ने पर्व में सहभागिता की।
लोक परंपरा और सामाजिक एकता का पर्व
भुजलिया महोत्सव छिंदवाड़ा की लोक परंपरा और सांस्कृतिक विरासत का महत्वपूर्ण हिस्सा माना जाता है। इस पर्व पर लोग एक-दूसरे को भुजलिया भेंट करते हैं और बड़ों का आशीर्वाद लेते हैं। साथ ही पुराने मनमुटाव भुलाकर आपसी प्रेम और सामाजिक एकता को मजबूत करने का संदेश दिया जाता है।


चल समारोह में विभिन्न सामाजिक एवं धार्मिक संगठनों के पदाधिकारी, महिलाएं, युवा और बड़ी संख्या में शहरवासी मौजूद रहे। समारोह के दौरान शहर में उत्सव और भाईचारे की भावना देखने को मिली।