Home CITY NEWS परासिया क्षेत्र में जंगली हाथी की दस्तक, वन विभाग ने जारी किया...

परासिया क्षेत्र में जंगली हाथी की दस्तक, वन विभाग ने जारी किया अलर्ट

परासिया क्षेत्र में जंगली हाथी की दस्तक, वन विभाग ने जारी किया अलर्ट
ग्रामीणों से रात और भोर के समय जंगल की ओर नहीं जाने की अपील, हाथी दिखने पर सूचना देने के निर्देश

परासिया। अमरवाड़ा रेंज के अमरवाड़ा वृत्त अंतर्गत चनेरी गांव के आसपास एक जंगली हाथी के विचरण की सूचना सामने आई है। वन विभाग के अनुसार हाथी खेतों और जंगलों से होकर आगे बढ़ रहा है और उसके परासिया परिक्षेत्र के जूनापानी गांव की ओर आने की संभावना जताई गई है। इसे देखते हुए वन विभाग ने आसपास के ग्रामीण क्षेत्रों में सतर्कता बढ़ाते हुए लोगों को सावधानी बरतने की अपील की है।
वन विभाग ने ग्रामीणों को सलाह दी है कि वे रात के समय और विशेषकर भोर में अकेले जंगल की ओर न जाएं तथा बच्चों को भी जंगल की तरफ जाने से रोकें। हाथी दिखाई देने अथवा उसकी लोकेशन की जानकारी मिलने पर तत्काल संबंधित डिप्टी रेंजर, नाकेदार, पटवारी, ग्राम कोटवार या वन सुरक्षा समिति के अध्यक्ष को सूचना देने को कहा गया है।
हाथी को परेशान न करें
वन विभाग ने स्पष्ट किया है कि हाथी दिखाई देने पर ग्रामीण शोर-शराबा न करें और न ही उसे परेशान करने का प्रयास करें। लोगों से अपने घरों में सुरक्षित रहने की अपील की गई है।
वन विभाग की टीमें हाथी के विचरण पर लगातार नजर रख रही हैं और आसपास के गांवों में मुनादी कराकर ग्रामीणों को सतर्क किया जा रहा है।
फूटमार्क या फसल नुकसान मिले तो दें सूचना
वन विभाग ने ग्रामीणों से अपील की है कि हाथी के प्रत्यक्ष या अप्रत्यक्ष प्रमाण, जैसे पैरों के निशान, फसल खाने के निशान अथवा हाथी की विष्ठा दिखाई देने पर तत्काल वन विभाग को सूचना दें।
संपर्क नंबर—
जागेश्वर भलावी, परिक्षेत्र सहायक शंकरपुर — 7987596646
शिवलाल सल्लाम, परिक्षेत्र सहायक भोंकई — 9406743126
राजन डेहरिया, परिक्षेत्र सहायक बाग बर्दिया — 9407861747

वन विभाग ने ग्रामीणों से अपील की है कि सतर्क रहें और सुरक्षित रहें।