Home DHARMA महाकाल मंदिर के नंदीहाल में कावड़ियों का हंगामा, सुरक्षाकर्मियों से मारपीट

महाकाल मंदिर के नंदीहाल में कावड़ियों का हंगामा, सुरक्षाकर्मियों से मारपीट

महाकाल मंदिर के नंदीहाल में कावड़ियों का हंगामा, सुरक्षाकर्मियों से मारपीट
धक्का देकर जबरन प्रवेश का आरोप, कई सुरक्षाकर्मी घायल; कार्रवाई की तैयारी

उज्जैन। महाकालेश्वर मंदिर के नंदीहाल में बुधवार को उस समय हंगामा मच गया, जब कुछ कावड़ियों ने मंदिर की सुरक्षा व्यवस्था में तैनात सुरक्षाकर्मियों से कथित तौर पर अभद्रता करते हुए मारपीट कर दी। घटना में कई सुरक्षाकर्मियों के घायल होने की जानकारी सामने आई है।
बताया जा रहा है कि कावड़ियों का समूह नंदीहाल में नियमों को दरकिनार कर जबरन प्रवेश करने का प्रयास कर रहा था। सुरक्षाकर्मियों ने उन्हें रोकने का प्रयास किया तो कथित तौर पर कावड़ियों ने सुरक्षा कर्मचारियों के साथ धक्का-मुक्की और मारपीट शुरू कर दी। इससे कुछ समय के लिए मंदिर परिसर में अफरा-तफरी की स्थिति बन गई।
आम श्रद्धालुओं को भी हुई परेशानी


प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार, कावड़िए आम श्रद्धालुओं के लिए निर्धारित व्यवस्था को प्रभावित करते हुए अंदर प्रवेश करने का प्रयास कर रहे थे। सुरक्षा कर्मचारियों द्वारा रोकने पर विवाद बढ़ गया। बताया जा रहा है कि हंगामा करने वाले कुछ कावड़िए विश्व हिंदू परिषद और बजरंग दल से जुड़े हुए हैं।
मंदिर परिसर में तैनात सुरक्षाकर्मियों ने स्थिति को संभालने का प्रयास किया। घटना के बाद मंदिर की सुरक्षा व्यवस्था और श्रद्धालुओं की सुविधा को लेकर भी सवाल खड़े हुए हैं।


दोषियों पर होगी कड़ी कार्रवाई
घटना के बाद महाकाल मंदिर के सहायक प्रशासक आशीष फलवाडिया ने कहा कि नंदीहाल में हुए हंगामे को गंभीरता से लिया गया है। उन्होंने बताया कि हंगामा करने वालों के खिलाफ नियमानुसार कड़ी कार्रवाई की जाएगी।
मंदिर प्रशासन अब घटना से जुड़े लोगों की पहचान और पूरे घटनाक्रम की जानकारी जुटा रहा है। सुरक्षा व्यवस्था में तैनात कर्मचारियों के साथ मारपीट के मामले में आगे की कार्रवाई की तैयारी की जा रही है