शक्कर के बढ़े भाव ने रक्षाबंधन की मिठास की फीकी
महंगी मिठाई से बिक्री प्रभावित, चाय की दुकानों पर भी घटे ग्राहक; महंगाई से परेशान आमजन
रिपोर्ट -ठा.रामकुमार राजपूत
छिंदवाड़ा। शक्कर के दामों में अचानक हुई बढ़ोतरी का असर अब त्योहारों की खरीदारी पर भी दिखाई देने लगा है। रक्षाबंधन पर्व के पहले मिठाई की कीमतों में बढ़ोतरी के चलते मिठाई की बिक्री प्रभावित होने की बात सामने आ रही है। मिठाई विक्रेताओं का कहना है कि शक्कर महंगी होने से मिठाइयों की लागत बढ़ गई है, जिसका सीधा असर ग्राहकों की खरीदारी पर पड़ रहा है।
गृहणियों का कहना है कि रक्षाबंधन पर भाई की कलाई पर राखी बांधने के साथ मिठाई खिलाने की परंपरा है, लेकिन लगातार बढ़ती महंगाई के कारण परिवार का बजट बिगड़ रहा है। एक गृहणी ने कहा कि जब मिठाई इतनी महंगी हो गई है तो हर किसी के लिए बड़ी मात्रा में मिठाई खरीदना मुश्किल हो रहा है।
चाय की दुकानों पर भी असर
शक्कर के बढ़ते दामों का असर चाय की दुकानों और होटलों पर भी दिखाई दे रहा है। कुछ होटल संचालकों ने चाय के दाम बढ़ा दिए हैं। होटल संचालकों का कहना है कि शक्कर समेत अन्य सामग्री महंगी होने के कारण उन्हें भी चाय की कीमत बढ़ानी पड़ी है। कीमत बढ़ने के बाद ग्राहकों की संख्या में कमी आई है और कई लोग अब होटल में चाय पीने से भी परहेज कर रहे हैं।
व्यापारियों का कहना है कि यदि महंगाई इसी तरह बढ़ती रही तो आने वाले दिनों में छोटे दुकानदारों और आम उपभोक्ताओं दोनों पर इसका असर और बढ़ सकता है।
सरकार से राहत की मांग
लगातार बढ़ती महंगाई को लेकर आम नागरिकों में नाराजगी है। लोगों का कहना है कि रोजमर्रा की जरूरतों की वस्तुओं के दाम बढ़ने से घरेलू बजट प्रभावित हो रहा है। नागरिकों ने सरकार से मांग की है कि महंगी हुई आवश्यक वस्तुओं के दामों पर नियंत्रण के लिए प्रभावी कदम उठाए जाएं, ताकि त्योहारों के समय आम लोगों को राहत मिल सके।








