Home CRIME अंतरराज्यीय गांजा तस्करी गिरोह का पर्दाफाश, 320.8 किलो गांजा जब्त

अंतरराज्यीय गांजा तस्करी गिरोह का पर्दाफाश, 320.8 किलो गांजा जब्त

अंतरराज्यीय गांजा तस्करी गिरोह का पर्दाफाश, 320.8 किलो गांजा जब्त
कंटेनर और टाटा सफारी से 64 लाख रुपये कीमत का गांजा बरामद, पिस्टल-कारतूस और 24,090 रुपये नकद सहित सात आरोपी गिरफ्तार
..
छिंदवाड़ा। पुलिस ने अंतरराज्यीय मादक पदार्थ तस्करी के खिलाफ बड़ी कार्रवाई करते हुए 320.8 किलोग्राम गांजा बरामद किया है। पुलिस के अनुसार जब्त गांजे की अनुमानित कीमत करीब 64 लाख रुपये है। कार्रवाई के दौरान एक पिस्टल, पांच जिंदा कारतूस, आठ मोबाइल फोन और 24,090 रुपये नकद भी बरामद किए गए। मामले में सात आरोपियों को गिरफ्तार किया गया है।
पुलिस के अनुसार अवैध मादक पदार्थों की तस्करी, बिक्री और भंडारण करने वालों के खिलाफ चलाए जा रहे विशेष अभियान के तहत अमरवाड़ा पुलिस को मुखबिर से सूचना मिली थी कि छिंदवाड़ा की ओर से एक कंटेनर और काले रंग की टाटा सफारी में बड़ी मात्रा में गांजा भरकर नरसिंहपुर की ओर ले जाया जा रहा है।
सूचना पर पुलिस टीम ने ग्राम तेंदनीमाल के पास हाईवे रोड पर नाकाबंदी की। इसी दौरान दोनों वाहन दिखाई दिए। पुलिस को देखकर आरोपियों ने भागने का प्रयास किया, लेकिन टीम ने पीछा कर भूमका घाटी के पास कंटेनर को रोक लिया।


कंटेनर में विशेष बॉक्स बनाकर छिपाया था गांजा
पुलिस ने कंटेनर की तलाशी ली तो उसके केबिन के अंदर बने विशेष गुप्त बॉक्स से सात प्लास्टिक की बोरियां बरामद हुईं। इनमें कुल 252.48 किलोग्राम गांजा मिला। वहीं टाटा सफारी की तलाशी के दौरान डैशबोर्ड बॉक्स से एक लोडेड पिस्टल और पांच जिंदा कारतूस मिले। कार के अंदर दो बोरियों में रखा 68.32 किलोग्राम गांजा भी बरामद किया गया।
पुलिस ने दोनों वाहनों में सवार कुल सात आरोपियों को मौके पर गिरफ्तार किया।
पूछताछ में सामने आया तस्करी का नेटवर्क
प्रारंभिक पूछताछ में आरोपियों ने कथित तौर पर बताया कि गांजा सदनलाल चौरसिया निवासी संतकबीर नगर, उत्तर प्रदेश के कहने पर मंगाया गया था। तस्करों के अनुसार गांजा ओडिशा से लाकर रायपुर, नागपुर, मुलताई, छिंदवाड़ा और नरसिंहपुर होते हुए उत्तर प्रदेश ले जाया जा रहा था।
पुलिस के अनुसार घटना में प्रयुक्त पिस्टल भी सदनलाल चौरसिया के माध्यम से उपलब्ध कराए जाने की जानकारी सामने आई है। पुलिस अब गांजे के स्रोत और पूरे नेटवर्क से जुड़े अन्य लोगों के संबंध में आरोपियों से पूछताछ कर रही है।
ये आरोपी गिरफ्तार
पुलिस प्रेस नोट के अनुसार गिरफ्तार आरोपियों में संतोष गिरी (33), मोइनस पिता अब्दुल सत्तार (26), अजय यादव (27), कृष्ण कुमार (32), आदर्श सिंह (27), ऋषभ सिंह (21) और शुभम सिंह (23) शामिल हैं। आरोपियों में कुछ उत्तर प्रदेश तथा एक आरोपी मध्यप्रदेश के नीमच जिले का निवासी बताया गया है।
पुलिस ने मामले में थाना अमरवाड़ा में धारा 8/20 NDPS Act तथा धारा 25, 27 Arms Act के तहत अपराध क्रमांक 580/26 दर्ज कर विवेचना शुरू कर दी है।
पुलिस की बड़ी बरामदगी
320.8 किलोग्राम गांजा – अनुमानित कीमत करीब 64 लाख रुपये
एक लोडेड पिस्टल
5 जिंदा कारतूस
24,090 रुपये नकद
8 मोबाइल फोन
एक कंटेनर और एक टाटा सफारी कार
पुलिस ने इस कार्रवाई को अंतरराज्यीय गांजा तस्करी नेटवर्क के खिलाफ महत्वपूर्ण सफलता बताया है।