Home Uncategorized गांव के युवा जीशान अली ने बढ़ाया क्षेत्र का मान, केंद्रीय वित्त...

गांव के युवा जीशान अली ने बढ़ाया क्षेत्र का मान, केंद्रीय वित्त मंत्री से साझा किया इंटर्नशिप अनुभव…

गांव के युवा जीशान अली ने बढ़ाया क्षेत्र का मान, केंद्रीय वित्त मंत्री से साझा किया इंटर्नशिप अनुभव
पीएमआईएस योजना के माध्यम से महिंद्रा एंड महिंद्रा में किया इंटर्नशिप, इंजन गुणवत्ता परीक्षण में हासिल किया तकनीकी अनुभव..
पांढुर्णा। छोटे से गांव मोहगांव हवेली के रहने वाले जीशान अली ने अपनी उपलब्धि से क्षेत्र का नाम रोशन किया है। तहसील सौंसर के अंतर्गत आने वाले मोहगांव हवेली निवासी जीशान अली ने केंद्रीय वित्त मंत्री निर्मला सीतारमण से मुलाकात कर पीएमआईएस योजना के माध्यम से प्राप्त अपनी इंटर्नशिप के अनुभव साझा किए।
जीशान ने बताया कि उन्हें पीएमआईएस योजना की जानकारी सोशल मीडिया के माध्यम से मिली थी। इसके बाद उन्होंने पीएमआईएस पोर्टल पर आईडी बनाकर योजना के लिए आवेदन किया। आवेदन प्रक्रिया के बाद महिंद्रा एंड महिंद्रा कंपनी की ओर से उन्हें साक्षात्कार के लिए बुलाया गया। चयन के बाद उन्होंने सात दिनों का प्रशिक्षण पूरा किया और इसके पश्चात कंपनी में इंटर्नशिप करने का अवसर प्राप्त हुआ।
इंटर्नशिप के दौरान जीशान ने महिंद्रा एंड महिंद्रा के इंजन विभाग के गुणवत्ता अनुभाग में कार्य किया। यहां उन्हें इंजन परीक्षण, विभिन्न प्रदर्शन मापदंडों की जांच तथा इंजन की गुणवत्ता और कार्यक्षमता से जुड़ी महत्वपूर्ण तकनीकी जानकारी हासिल करने का अवसर मिला।
आत्मविश्वास बढ़ाने में मिली मदद..
जीशान के अनुसार पीएमआईएस इंटर्नशिप ने उनके आत्मविश्वास को बढ़ाने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाई। इंटर्नशिप के दौरान मार्गदर्शकों, अधिकारियों और वरिष्ठ कर्मचारियों ने उन्हें सहयोग दिया। किसी विषय को समझने में परेशानी आने पर वरिष्ठों ने मार्गदर्शन किया। इससे उन्हें तकनीकी ज्ञान के साथ-साथ व्यावसायिक कार्यप्रणाली को समझने का भी अवसर मिला।
जीशान ने कहा कि देश की एक बड़ी कंपनी में काम करने का अनुभव उनके लिए बेहद खास रहा और उन्होंने अपने इस अनुभव को महाविद्यालय के दोस्तों के साथ भी साझा किया।
क्षेत्र के युवाओं के लिए प्रेरणा
जीशान अली की उपलब्धि पर क्षेत्र के लोगों ने खुशी जताई है। मोहगांव हवेली के प्रभारी नगर युवा कांग्रेस जुबेर अली ने उन्हें बधाई देते हुए कहा कि छोटे से गांव से निकलकर केंद्रीय वित्त मंत्री के समक्ष अपना इंटर्नशिप अनुभव साझा करना क्षेत्र के लिए गर्व की बात है। उन्होंने जीशान के उज्ज्वल भविष्य की कामना करते हुए कहा कि उनकी सफलता क्षेत्र के अन्य युवाओं के लिए भी प्रेरणादायक है।