Home STATE 650वीं रविदास जयंती पर छिंदवाड़ा में 20 दिवसीय समरसता अभियान, रथ यात्रा...

650वीं रविदास जयंती पर छिंदवाड़ा में 20 दिवसीय समरसता अभियान, रथ यात्रा से गूंजेगा संत रविदास का संदेश

650वीं रविदास जयंती पर छिंदवाड़ा में 20 दिवसीय समरसता अभियान, रथ यात्रा से गूंजेगा संत रविदास का संदेश

20 अगस्त से 10 सितंबर तक होंगे विविध आयोजन, जिला स्तरीय कार्यक्रम से अभियान का होगा आगाज

रिपोर्ट/ रामकुमार राजपूत छिंदवाड़ा

छिंदवाड़ा। संत शिरोमणि गुरु रविदास जी की 650वीं जयंती के अवसर पर छिंदवाड़ा जिले में समरसता, समानता और मानवता का संदेश जन-जन तक पहुंचाने के लिए व्यापक आयोजन किए जाएंगे। मध्यप्रदेश शासन के निर्देशानुसार श्री गुरु रविदास महाराज समरसता संकल्प अभियान एवं यात्रा का आयोजन 20 अगस्त से 10 सितंबर 2026 तक किया जाएगा।

अभियान की तैयारियों को लेकर सहायक आयुक्त जनजातीय कार्य विभाग सतेन्द्र सिंह मरकाम ने विभागीय कार्यालय में रविदास समाज के सामाजिक बंधुओं एवं जनप्रतिनिधियों के साथ बैठक की। बैठक में अभियान की रूपरेखा, जिला स्तरीय कार्यक्रम, रथ यात्रा तथा विभिन्न सामाजिक एवं सांस्कृतिक आयोजनों को लेकर विस्तार से चर्चा की गई।

20 अगस्त को जिला स्तरीय कार्यक्रम

अभियान का शुभारंभ 20 अगस्त को प्रातः 11 बजे राजमाता सिंधिया कन्या महाविद्यालय, छिंदवाड़ा में आयोजित जिला स्तरीय कार्यक्रम से होगा। कार्यक्रम को सफल बनाने के लिए विभिन्न विभागों, सामाजिक संगठनों और समाज के प्रतिनिधियों की सहभागिता सुनिश्चित करने पर जोर दिया गया।

20 दिन तक गांव-गांव पहुंचेगा समरसता का संदेश

20 अगस्त से प्रस्तावित 20 दिवसीय रथ यात्रा के माध्यम से संत रविदास जी के विचारों और उनके सामाजिक संदेश को जिले के विभिन्न क्षेत्रों तक पहुंचाया जाएगा। रथ यात्रा के रूट चार्ट पर बैठक में विस्तार से विचार-विमर्श किया गया। यात्रा के दौरान विभिन्न स्थानों पर प्रमुख अतिथियों की मौजूदगी में सामाजिक, सांस्कृतिक और जनसंपर्क गतिविधियां आयोजित की जाएंगी।

समानता और मानवता का संदेश बनेगा अभियान की पहचान

अभियान का उद्देश्य संत रविदास जी के जीवन दर्शन तथा उनके द्वारा दिए गए समता, भक्ति, सेवा, सामाजिक न्याय और मानवता के संदेश को व्यापक स्तर पर लोगों तक पहुंचाना है। बैठक में सहायक आयुक्त मरकाम ने अधिकारियों को अभियान में व्यापक जनभागीदारी सुनिश्चित करने तथा सभी आवश्यक व्यवस्थाएं समय पर पूरी करने के निर्देश दिए।

उन्होंने कहा कि संत रविदास जी का जीवन समाज को भेदभाव से ऊपर उठकर समानता, भाईचारे और मानवता के मार्ग पर चलने की प्रेरणा देता है। ऐसे में 650वीं जयंती के अवसर पर आयोजित होने वाला यह अभियान केवल एक आयोजन न होकर उनके विचारों को समाज के अंतिम व्यक्ति तक पहुंचाने का माध्यम बने, इसके लिए सभी को मिलकर प्रयास करना होगा।

बैठक में सामाजिक प्रतिनिधियों एवं जनप्रतिनिधियों ने भी अभियान को सफल बनाने के लिए अपने सुझाव दिए। अधिकारियों ने कार्यक्रमों में अधिक से अधिक सामाजिक सहभागिता सुनिश्चित करने के लिए आवश्यक समन्वय की कार्ययोजना तैयार की

संत रविदास जयंती का जिला स्तरीय कार्यक्रम 20 अगस्त को
पांढुर्णा जिले में भी होगा आयोजन

संत शिरोमणि रविदास जी की 650वीं जयंती के अवसर पर श्री गुरु रविदास महाराज समरसता संकल्प अभियान के अंतर्गत जिला स्तरीय कार्यक्रम का आयोजन 20 अगस्त को प्रातः 11 बजे सामुदायिक भवन, पांढुर्णा में किया जाएगा। कार्यक्रम में संत रविदास जी के जीवन, विचारों एवं सामाजिक समरसता के संदेश पर प्रकाश डाला जाएगा। आयोजन में सामाजिक एकता, समानता और भाईचारे की भावना को मजबूत करने का संदेश दिया जाएगा। कार्यक्रम में सामाजिक बंधुओं, जनप्रतिनिधियों तथा जिले के अधिकारी-कर्मचारियों को आमंत्रित किया गया है। आयोजकों ने सभी से समय पर उपस्थित होकर संत रविदास जी के विचारों को आत्मसात करने की अपील की है।