सराहनीय सेवा के लिए एएसपी आशीष खरे राष्ट्रपति पदक से सम्मानित, छिंदवाड़ा का बढ़ाया गौरव
रिपोर्ट : रामकुमार राजपूत, छिंदवाड़ा
छिंदवाड़ा। जिले और प्रदेश के लिए गौरव की बात है कि राज्य पुलिस सेवा के वर्ष 2001 बैच के अधिकारी एवं वर्तमान में अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक छिंदवाड़ा के पद पर पदस्थ श्री आशीष खरे को पुलिस सेवा में उत्कृष्ट एवं सराहनीय योगदान के लिए प्रतिष्ठित राष्ट्रपति पदक से सम्मानित किया गया है। स्वतंत्रता दिवस के अवसर पर 15 अगस्त 2026 को भोपाल में आयोजित राज्य स्तरीय समारोह में मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव ने उन्हें राष्ट्रपति पदक प्रदान किया।

करीब 25 वर्षों की शासकीय सेवा में श्री खरे ने पुलिस विभाग के विभिन्न महत्वपूर्ण पदों पर अपनी जिम्मेदारियों का निर्वहन किया है। वे डीएसपी रतलाम, 17वीं बटालियन भिंड, 10वीं बटालियन सागर, सीएसपी सागर, सीएसपी गुना, सीएसपी भोपाल, एआईजी एसटीएफ, एआईजी ईओडब्ल्यू, 18वीं बटालियन शिवपुरी तथा एआईजी सीआईडी जैसे महत्वपूर्ण पदों पर सेवाएं दे चुके हैं।

150 से अधिक प्रशंसा प्रमाण-पत्र, सेवा के लिए मिले कई सम्मान
श्री आशीष खरे की कार्यशैली और उत्कृष्ट सेवाओं का अंदाजा इसी बात से लगाया जा सकता है कि उन्हें अपने लगभग 25 वर्ष के सेवाकाल में वरिष्ठ अधिकारियों से करीब 150 प्रशंसा प्रमाण-पत्र प्राप्त हो चुके हैं। कोरोना संक्रमण काल के दौरान भी उनके उत्कृष्ट कार्य और समर्पण के लिए उन्हें कर्मवीर योद्धा पदक तथा केंद्रीय गृह मंत्री का उत्कृष्ट सेवा पदक प्राप्त हो चुका है।
उल्लेखनीय है कि सराहनीय सेवा के लिए राष्ट्रपति पदक की घोषणा 14 अगस्त 2025 को की गई थी। उस समय श्री खरे पुलिस मुख्यालय भोपाल स्थित अपराध अनुसंधान विभाग में सहायक पुलिस महानिरीक्षक के पद पर पदस्थ थे। इसके बाद स्वतंत्रता दिवस समारोह में उन्हें यह प्रतिष्ठित सम्मान प्रदान किया गया।

राज्यपाल और मुख्यमंत्री ने भी किया सम्मान
राष्ट्रपति पदक से अलंकृत अधिकारियों को मुख्यमंत्री एवं राज्यपाल द्वारा अपने निवास पर आमंत्रित कर सम्मानित किया गया। श्री खरे की इस उपलब्धि पर कलेक्टर श्री हरेंद्र नारायन एवं पुलिस अधीक्षक श्री अजय पाण्डेय सहित पुलिस एवं प्रशासनिक अधिकारियों ने उन्हें बधाई देते हुए उज्ज्वल भविष्य की शुभकामनाएं दीं।
ईमानदारी, कर्तव्यनिष्ठा और उत्कृष्ट पुलिस सेवा के लिए लगातार मिले सम्मान ने श्री आशीष खरे को छिंदवाड़ा पुलिस महकमे के लिए गौरव का विषय बना दिया है। राष्ट्रपति पदक से सम्मानित होना उनके लंबे सेवाकाल की उपलब्धियों में एक और महत्वपूर्ण अध्याय जुड़ गया है।








