Home CITY NEWS हितग्राहियों को प्रोत्साहन राशि के भुगतान में लापरवाही, दो लिपिक निलंबित..

हितग्राहियों को प्रोत्साहन राशि के भुगतान में लापरवाही, दो लिपिक निलंबित..

हितग्राहियों को प्रोत्साहन राशि के भुगतान में लापरवाही, दो लिपिक निलंबित
शिकायतों की जांच के बाद सहायक आयुक्त ने की कार्रवाई, परासिया के छात्रावास की अधीक्षिका भी पद से हटाई गई
छिंदवाड़ा। जनजातीय कार्य विभाग में हितग्राहियों को शासन की योजनाओं का लाभ दिलाने में लापरवाही बरतने पर विभाग ने कार्रवाई की है। सहायक आयुक्त जनजातीय कार्य विभाग सतेन्द्र सिंह मरकाम द्वारा दो लिपिकों को निलंबित किया गया है। वहीं परासिया विकासखंड के एक छात्रावास की अधीक्षिका को भी पद से हटा दिया गया है।
विभागीय जानकारी के अनुसार, जनजातीय कार्य विभाग में पदस्थ सहायक ग्रेड-2 श्रीमती उमा डेहरिया एवं सहायक ग्रेड-3 श्रीमती वैशाली धार्मिक के विरुद्ध हितग्राही श्री मनोहर सिंह एवं श्री नीलेश चौरिया द्वारा मुख्यमंत्री हेल्पलाइन में शिकायत दर्ज कराई गई थी। शिकायतों में शासन द्वारा संचालित अत्याचार निवारण अधिनियम के तहत राहत राशि एवं अंतरजातीय विवाह प्रोत्साहन योजनांतर्गत प्रोत्साहन राशि के भुगतान की प्रक्रिया में विलंब एवं लापरवाही के आरोप लगाए गए थे।
शिकायतों की जांच के बाद विभाग ने दोनों कर्मचारियों के विरुद्ध कार्रवाई करते हुए उन्हें तत्काल प्रभाव से निलंबित कर दिया।
छात्रावास की व्यवस्थाओं में लापरवाही पर अधीक्षिका हटाई
इसी क्रम में परासिया विकासखंड के जनजातीय सीनियर कन्या छात्रावास पगारा में पदस्थ अधीक्षिका के खिलाफ भी कार्रवाई की गई है। विभाग के अनुसार छात्रावास में साफ-सफाई पर पर्याप्त ध्यान नहीं दिए जाने के कारण अधीक्षिका को पद से हटा दिया गया है।
विभाग की इस कार्रवाई के बाद कर्मचारियों और छात्रावासों में जिम्मेदारी के प्रति लापरवाही बरतने वालों में हड़कंप की स्थिति है। अब देखना होगा कि आने वाले दिनों में विभागीय स्तर पर ऐसी अन्य शिकायतों पर क्या कार्रवाई की जाती है।