चोरी के शक में युवक की पिटाई का वीडियो वायरल, तमाशबीन बने रहे लोग
रिपोर्ट – रामकुमार राजपूत
छिंदवाड़ा। जिले के इकलहरा क्षेत्र का बताया जा रहा एक वीडियो सोशल मीडिया पर तेजी से वायरल हो रहा है। वीडियो में कुछ लोग एक युवक के साथ कथित तौर पर चोरी के शक में मारपीट करते दिखाई दे रहे हैं। युवक को चप्पल और पैरों से पीटते हुए देखा जा सकता है, वहीं एक अन्य युवक को थप्पड़ मारा जाता है।
वायरल वीडियो में यह भी दिखाई दे रहा है कि मौके पर बड़ी संख्या में लोग मौजूद हैं, लेकिन अधिकांश लोग मूकदर्शक बने खड़े रहते हैं। वीडियो में सुरक्षा गार्ड भी मौजूद दिखाई दे रहे हैं, हालांकि वे किसी प्रकार का हस्तक्षेप करते नजर नहीं आते।
स्थानीय लोगों के अनुसार, यह घटना कथित तौर पर वेस्टर्न कोलफील्ड्स लिमिटेड (WCL) के इकलहरा क्षेत्र की बताई जा रही है। वीडियो में कुछ लोगों को एक व्यक्ति को पकड़कर ले जाते हुए भी देखा जा सकता है।
हालांकि, वायरल वीडियो की स्वतंत्र रूप से पुष्टि नहीं हो सकी है। यह स्पष्ट नहीं है कि मारपीट किन परिस्थितियों में हुई और पुलिस या संबंधित प्रबंधन की ओर से इस मामले में क्या कार्रवाई की गई है।
घटना का वीडियो सामने आने के बाद क्षेत्र में चर्चा का माहौल है। लोगों का कहना है कि यदि किसी पर चोरी का संदेह था, तो उसे कानून के हवाले किया जाना चाहिए था। मामले में पुलिस एवं संबंधित अधिकारियों से निष्पक्ष जांच कर आवश्यक कार्रवाई की मांग उठ रही है।








