Home CITY NEWS एकलव्य विद्यालय तामिया के प्राचार्य को हटाने की मांग तेज, भाजपा नेताओं...

एकलव्य विद्यालय तामिया के प्राचार्य को हटाने की मांग तेज, भाजपा नेताओं और जनप्रतिनिधियों ने सौंपा ज्ञापन…

एकलव्य विद्यालय तामिया के प्राचार्य को हटाने की मांग तेज, भाजपा नेताओं और जनप्रतिनिधियों ने सौंपा ज्ञापन
तामिया (छिंदवाड़ा)। तामिया स्थित एकलव्य आदर्श आवासीय विद्यालय में छात्रों द्वारा लगाए गए आरोपों के बाद मामला तूल पकड़ता जा रहा है। सोमवार को भाजपा नेताओं एवं जनप्रतिनिधियों ने तहसीलदार तामिया के माध्यम से कलेक्टर के नाम ज्ञापन सौंपकर विद्यालय के प्राचार्य को तत्काल हटाने की मांग की।


ज्ञापन में कहा गया है कि विद्यालय के छात्र-छात्राओं ने प्राचार्य के विरुद्ध शिकायत करते हुए आरोप लगाया है कि उनसे अभद्र भाषा में बात की जाती है। साथ ही भोजन की गुणवत्ता पर भी गंभीर सवाल उठाए गए हैं। शिकायत के अनुसार, छात्रों को परोसे गए भोजन में कथित रूप से कीड़े मिलने की बात भी सामने आई है, जिससे छात्रों में भारी नाराजगी है।


ज्ञापन में यह भी उल्लेख किया गया है कि प्राचार्य का छात्रों के प्रति व्यवहार उचित नहीं है तथा विद्यालय के संचालन में अनियमितताओं के आरोप लगाए गए हैं। इन आरोपों के आधार पर भाजपा नेताओं और जनप्रतिनिधियों ने प्रशासन से निष्पक्ष जांच कराते हुए आवश्यक कार्रवाई करने तथा प्राचार्य को तत्काल प्रभाव से हटाने की मांग की है।


उल्लेखनीय है कि इससे पहले भी विद्यालय के छात्र-छात्राओं ने अपनी मांगों को लेकर विरोध प्रदर्शन किया था। अब यह मामला प्रशासन के समक्ष पहुंच गया है। फिलहाल इन आरोपों की आधिकारिक पुष्टि या जांच रिपोर्ट सामने नहीं आई है। प्रशासन की जांच के बाद ही आरोपों की सत्यता स्पष्ट हो सकेगी।