सरपंच पति की मनमानी से फूटा ग्रामीणों का गुस्सा, सैकड़ों ग्रामीण पहुंचे कलेक्ट्रेट; निष्पक्ष जांच की मांग
रिपोर्ट – रामकुमार राजपूत
स्थान /दिनांक-तामिया छिंदवाड़ा
छिंदवाड़ा। जिले के तामिया विकासखंड की ग्राम पंचायत मोहली माल में पंचायत भवन निर्माण और ग्राम पंचायत के कार्यों को लेकर ग्रामीणों का आक्रोश सोमवार को खुलकर सामने आया। सरपंच पति पर मनमानी और ग्रामीणों को परेशान करने के आरोप लगाते हुए सैकड़ों ग्रामीण कलेक्टर कार्यालय पहुंचे और ज्ञापन सौंपकर कार्रवाई की मांग की।
ग्रामीणों का आरोप है कि पिछले करीब दो वर्षों से सरपंच पति पंचायत के कार्यों में हस्तक्षेप कर रहे हैं, जिससे गांव में विवाद की स्थिति बनी हुई है। उनका कहना है कि पंचायत भवन निर्माण सहित कई मामलों में ग्रामीणों की आपत्तियों और सुझावों को नजरअंदाज किया गया तथा विरोध करने वालों पर दबाव बनाया गया।

ग्रामीणों ने कलेक्टर को दिए ज्ञापन में मांग की है कि पूरे मामले की निष्पक्ष जांच कराई जाए और यदि अनियमितताएं पाई जाती हैं तो संबंधित जिम्मेदार लोगों के विरुद्ध नियमानुसार कार्रवाई की जाए। ज्ञापन में पंचायत भवन निर्माण से जुड़े निर्णयों और ग्रामसभा की प्रक्रिया पर भी सवाल उठाए गए हैं।
ग्रामीणों का कहना है कि यदि उनकी शिकायतों पर शीघ्र कार्रवाई नहीं हुई तो वे आगे भी लोकतांत्रिक तरीके से आंदोलन करने को मजबूर होंगे।

प्रशासन का पक्ष:
समाचार लिखे जाने तक इस मामले में संबंधित पंचायत प्रतिनिधियों अथवा प्रशासन की ओर से कोई आधिकारिक प्रतिक्रिया प्राप्त नहीं हो सकी है। पक्ष मिलने पर उसे भी प्रमुखता से प्रकाशित किया जाएगा।








