अजानिया में 24 घंटे गूंजा हरिनाम संकीर्तन, अच्छी वर्षा की कामना के साथ हुआ भव्य धार्मिक आयोजन
छिंदवाड़ा। नगर निगम क्षेत्र के वार्ड क्रमांक 16 अजानिया स्थित माता मंदिर परिसर में मंदिर समिति के तत्वावधान में 24 घंटे के अखंड हरिनाम संकीर्तन (हरि भजन सत्ता) का भव्य आयोजन श्रद्धा और उल्लास के साथ संपन्न हुआ।
कार्यक्रम की शुरुआत गांव के सभी देवी-देवताओं एवं भगवान हनुमान जी के विधिवत पूजन-अर्चन के बाद हरि भजन सत्ता के शुभारंभ के साथ हुई। शनिवार दोपहर 12 बजे हवन-पूजन के साथ आयोजन प्रारंभ हुआ, जबकि रविवार शाम 4 बजे दही-लाई एवं महाप्रसाद वितरण के साथ इसका समापन किया गया।

आयोजन में आसपास के गांवों से पहुंचे विभिन्न भजन मंडलों ने पूरी रात राधे-कृष्ण और श्रीहरि के भजनों की मनमोहक प्रस्तुतियां दीं। भक्ति संगीत से पूरा वातावरण भक्तिमय हो उठा। श्रद्धालुओं ने भजनों पर झूमकर भगवान का गुणगान किया और जयकारों से मंदिर परिसर गुंजायमान रहा।

कार्यक्रम में महिलाओं की विशेष सहभागिता देखने को मिली। मातृशक्ति ने भी भजन-कीर्तन में बढ़-चढ़कर हिस्सा लिया। बड़ी संख्या में बच्चे, बुजुर्ग, महिलाएं एवं आसपास के गांवों से पहुंचे श्रद्धालुओं की मौजूदगी ने आयोजन को यादगार बना दिया।
आयोजकों ने बताया कि मानसून में हो रही देरी के बीच भगवान श्रीहरि से अच्छी वर्षा एवं क्षेत्र की सुख-समृद्धि की कामना को लेकर इस 24 घंटे के अखंड हरिनाम संकीर्तन का आयोजन किया गया। समापन अवसर पर सभी श्रद्धालुओं को दही-लाई एवं महाप्रसाद वितरित किया गया।

माता मंदिर समिति ने आयोजन को सफल बनाने में सहयोग देने वाले सभी भजन मंडलों, श्रद्धालुओं एवं वार्डवासियों के प्रति आभार व्यक्त किया।








