संबल योजना में लापरवाही पर प्रशासन का बड़ा एक्शन
102 अधिकारी-कर्मचारियों को कारण बताओ नोटिस, कलेक्टर ने जताई कड़ी नाराजगी
सिवनी। मुख्यमंत्री जनकल्याण (संबल) योजना के तहत अनुग्रह सहायता के लंबित प्रकरणों को लेकर सिवनी प्रशासन ने बड़ा प्रशासनिक एक्शन लिया है। योजना के क्रियान्वयन में लापरवाही बरतने पर 102 अधिकारियों एवं कर्मचारियों को कारण बताओ नोटिस जारी किए गए हैं। कलेक्टर श्रीमती नेहा मीना ने समय-सीमा बैठक में समीक्षा के दौरान बड़ी संख्या में लंबित मामलों पर नाराजगी जताते हुए तत्काल कार्रवाई के निर्देश दिए।
समीक्षा में सामने आया कि 100 दिनों से अधिक पुराने 136 प्रकरण, 300 दिनों से अधिक के 19 प्रकरण और 500 दिनों से अधिक के 4 प्रकरण लंबित हैं। कलेक्टर ने इसे गंभीर प्रशासनिक लापरवाही बताते हुए कहा कि पात्र हितग्राहियों को समय पर अनुग्रह सहायता उपलब्ध कराना शासन की सर्वोच्च प्राथमिकता है और इसमें देरी किसी भी स्थिति में स्वीकार नहीं की जाएगी।
कलेक्टर के निर्देश पर जिला पंचायत सिवनी के मुख्य कार्यपालन अधिकारी ने ग्रामीण क्षेत्रों के 89 ग्राम पंचायत सचिवों को कारण बताओ नोटिस जारी किए हैं। इनमें लखनादौन के 30, सिवनी के 29, केवलारी के 10, धनोरा के 6, छपारा के 5, बरघाट के 5 और कुरई के 4 सचिव शामिल हैं।
वहीं शहरी क्षेत्रों में नगर पालिका परिषद सिवनी के 12 वार्ड प्रभारियों तथा नगर परिषद केवलारी के 1 वार्ड प्रभारी को भी कारण बताओ नोटिस जारी किया गया है।
प्रशासन ने स्पष्ट किया है कि यदि संबंधित अधिकारी-कर्मचारी निर्धारित समय सीमा में संतोषजनक जवाब प्रस्तुत नहीं करते हैं या लंबित प्रकरणों का शीघ्र निराकरण सुनिश्चित नहीं करते हैं, तो उनके विरुद्ध नियमानुसार कड़ी अनुशासनात्मक कार्रवाई की जाएगी








