Home CITY NEWS छात्र की मौत की सूचना 24 घंटे तक दबाई, आश्रम अधीक्षक निलंबित

छात्र की मौत की सूचना 24 घंटे तक दबाई, आश्रम अधीक्षक निलंबित

छात्र की मौत की सूचना 24 घंटे तक दबाई, आश्रम अधीक्षक निलंबित

कलेक्टर ने दिखाई सख्ती, गंभीर लापरवाही और अनुशासनहीनता पर तत्काल प्रभाव से कार्रवाई
छिंदवाड़ा, /जनजातीय कार्य विभाग के अंतर्गत संचालित आदिवासी बालक आश्रम सिल्लेवानी (विकासखंड मोहखेड़) के अधीक्षक को गंभीर लापरवाही के आरोप में तत्काल प्रभाव से निलंबित कर दिया गया है। कलेक्टर (जनजातीय कार्य विभाग) द्वारा जारी आदेश में कहा गया है कि छात्र की मृत्यु जैसी गंभीर घटना की सूचना विभागीय अधिकारियों को समय पर नहीं दी गई, जिससे प्रथम दृष्टया अधीक्षक की घोर लापरवाही सामने आई है।


आदेश के अनुसार, आश्रम में अध्ययनरत कक्षा चौथी के छात्र संजय उइके की 9 जुलाई को ग्राम उमरानाला से लौटते समय ग्राम तंसरा के पास तेज रफ्तार पिकअप वाहन की टक्कर से गंभीर चोट लगने के बाद जिला अस्पताल में उपचार के दौरान मृत्यु हो गई थी। आरोप है कि घटना की जानकारी 24 घंटे बीत जाने के बाद भी विभाग के वरिष्ठ अधिकारियों को नहीं दी गई।
कलेक्टर ने इसे अधीक्षक श्री घुड़ेशाह उइके (मूल पद उच्च श्रेणी शिक्षक) की अपने कर्तव्यों के प्रति घोर लापरवाही, अनुशासनहीनता एवं आश्रम संचालन के प्रति उदासीनता माना है। इसी आधार पर उन्हें मध्यप्रदेश सिविल सेवा (वर्गीकरण, नियंत्रण एवं अपील) नियम के तहत तत्काल प्रभाव से निलंबित कर दिया गया है।
निलंबन अवधि में उनका मुख्यालय विकासखंड शिक्षा अधिकारी, हर्रई कार्यालय निर्धारित किया गया है तथा नियमानुसार उन्हें जीवन निर्वाह भत्ते की पात्रता रहेगी।

क्या है मामला?
9 जुलाई को सड़क हादसे में कक्षा 4 के छात्र की मौत।
विभाग को 24 घंटे तक नहीं दी गई सूचना।
कलेक्टर ने माना गंभीर प्रशासनिक लापरवाही।
आश्रम अधीक्षक तत्काल प्रभाव से निलंबित।