Home CITY NEWS तबादला आदेशों की उड़ रही धज्जियां?कन्या शिक्षा परिसर छिंदवाड़ा से स्थानांतरित...

तबादला आदेशों की उड़ रही धज्जियां?कन्या शिक्षा परिसर छिंदवाड़ा से स्थानांतरित कई शिक्षक-शिक्षिकाएं अब तक नई पदस्थापना पर नहीं पहुंचे, विभागीय कार्यप्रणाली पर उठे सवाल..!

तबादला आदेशों की उड़ रही धज्जियां?
कन्या शिक्षा परिसर से स्थानांतरित कई शिक्षक-शिक्षिकाएं अब तक नई पदस्थापना पर नहीं पहुंचे, विभागीय कार्यप्रणाली पर उठे सवाल
..!
छिंदवाड़ा। जनजातीय कार्य विभाग में जारी स्थानांतरण आदेशों के पालन को लेकर सवाल खड़े होने लगे हैं। जानकारी के अनुसार कन्या शिक्षा परिसर छिंदवाड़ा से स्थानांतरित किए गए कई शिक्षक एवं शिक्षिकाएं अब तक अपनी नवीन पदस्थापना पर कार्यभार ग्रहण नहीं कर पाए हैं। इससे विभागीय आदेशों के प्रभावी क्रियान्वयन पर प्रश्नचिह्न लग रहे हैं।
सूत्रों के अनुसार स्थानांतरण आदेश जारी होने के बावजूद संबंधित कर्मचारियों के रिलीव नहीं होने अथवा न्यायालय से स्थगन (स्टे) प्राप्त करने के कारण कई मामलों में पुरानी पदस्थापना पर ही कार्य जारी है। इससे नई पदस्थापना वाले विद्यालयों में व्यवस्थाएं भी प्रभावित होने की बात सामने आ रही है।
विभागीय हलकों में चर्चा है कि हर वर्ष स्थानांतरण के बाद कुछ कर्मचारी न्यायालय की शरण लेकर स्टे प्राप्त कर लेते हैं, जिससे शासन की स्थानांतरण नीति का उद्देश्य प्रभावित होता है। हालांकि जिन मामलों में न्यायालय ने स्थगन आदेश दिया है, वहां अंतिम निर्णय न्यायालय के आदेश के अधीन रहेगा।
अब सवाल यह उठ रहा है कि जिन कर्मचारियों को कोई न्यायालयीन राहत प्राप्त नहीं है, क्या उन्हें समय पर रिलीव कर नई पदस्थापना पर भेजा जाएगा? वहीं विभाग की ओर से अब तक इस संबंध में कोई आधिकारिक स्पष्टीकरण सामने नहीं आया है।
बड़ा सवाल:
क्या जनजातीय कार्य विभाग में स्थानांतरण आदेशों का पूरी तरह पालन होगा, या फिर इस बार भी कई कर्मचारी पुरानी कुर्सियों पर ही बने रहेंगे?
नोट: यह खबर उपलब्ध जानकारी एवं सूत्रों पर आधारित है। यदि संबंधित विभाग या कर्मचारी अपना पक्ष प्रस्तुत करना चाहें, तो उसे भी प्रमुखता से प्रकाशित किया जा सकता है।