Home CITY NEWS पेंशन प्रकरण में लापरवाही पर जनजातीय कार्य विभाग सख्त, जुन्नारदेव के...

पेंशन प्रकरण में लापरवाही पर जनजातीय कार्य विभाग सख्त, जुन्नारदेव के प्राचार्य को भी नोटिस..

पेंशन प्रकरण में लापरवाही पर जनजातीय कार्य विभाग सख्त, जुन्नारदेव के प्राचार्य को भी नोटिस

सीएम हेल्पलाइन की शिकायतें लंबित रखने पर चार विकासखंड शिक्षा अधिकारियों से मांगा जवाब

छिंदवाड़ा। जनजातीय कार्य विभाग में पेंशन प्रकरणों के निराकरण और सीएम हेल्पलाइन की शिकायतों को लेकर लापरवाही के मामले सामने आए हैं। सहायक आयुक्त सतेन्द्र सिंह मरकाम ने जुन्नारदेव के नलासू उत्कृष्ट विद्यालय के प्राचार्य चन्द्रशेखर दीक्षित और सहायक ग्रेड-3 निखलेश डेहरिया को कारण बताओ नोटिस जारी कर स्पष्टीकरण मांगा है। वहीं, शासकीय कन्या शिक्षा परिसर बिछुआ के प्राचार्य के.के. पाटिल को भी पेंशन प्रकरण में लापरवाही के मामले में नोटिस जारी किया गया है।

पेंशन सारांशीकरण के नाम पर 15 हजार मांगने का आरोप

जुन्नारदेव के मामले में शिकायतकर्ता उज्ज्वल मिश्रा ने 24 जुलाई 2025 को सीएम हेल्पलाइन में शिकायत दर्ज कराई थी। शिकायत में आरोप लगाया गया कि सहायक शिक्षक ओमप्रकाश मिश्रा के पेंशन सारांशीकरण के लिए सहायक ग्रेड-3 निखलेश डेहरिया ने एक प्रतिशत राशि के रूप में 15 हजार रुपये की मांग की थी। शिकायत के अनुसार, 30 अगस्त 2024 को राशि का भुगतान भी किया गया और इसकी रसीद संलग्न की गई। इसके बावजूद पेंशन प्रकरण में आवश्यक कार्रवाई नहीं होने का आरोप लगाया गया है। इसी दौरान संबंधित सहायक शिक्षक का निधन हो गया।

शिकायत लंबित रहने पर प्राचार्य से जवाब तलब

विभागीय नोटिस के अनुसार, बार-बार निर्देश दिए जाने के बावजूद सीएम हेल्पलाइन की शिकायत का निराकरण नहीं किया गया। प्राचार्य चन्द्रशेखर दीक्षित से शिकायत के निराकरण में कथित लापरवाही और उदासीनता पर जवाब मांगा गया है। वहीं, सहायक ग्रेड-3 निखलेश डेहरिया से पेंशन सारांशीकरण के नाम पर राशि मांगने के आरोप के संबंध में स्पष्टीकरण मांगा गया है। दोनों को निर्धारित समय-सीमा में लिखित जवाब प्रस्तुत करने के निर्देश दिए गए हैं। संतोषजनक जवाब नहीं मिलने पर अनुशासनात्मक कार्रवाई के लिए प्रकरण वरिष्ठ कार्यालय को भेजा जा सकता है।

बिछुआ के प्राचार्य पर भी कार्रवाई की तैयारी

विकासखंड बिछुआ के शासकीय कन्या शिक्षा परिसर के प्राचार्य के.के. पाटिल को सेवानिवृत्त कर्मचारी युवराज हिंगवे के पेंशन प्रकरण के निराकरण में लापरवाही के आरोप में कारण बताओ नोटिस जारी किया गया है। युवराज हिंगवे 31 जुलाई 2025 को सेवानिवृत्त हुए थे। उनके पेंशन प्रकरण को लेकर 19 मई 2026 को सीएम हेल्पलाइन में शिकायत दर्ज कराई गई थी। विभाग ने सेवानिवृत्ति के पूर्व पेंशन प्रकरण तैयार करने संबंधी निर्देशों का पालन नहीं होने और शिकायत का निराकरण नहीं किए जाने पर जवाब मांगा है।

चार विकासखंड शिक्षा अधिकारियों को नोटिस

सीएम हेल्पलाइन की लंबित शिकायतों के मामले में विकासखंड तामिया, जुन्नारदेव, बिछुआ और हर्रई के विकासखंड शिक्षा अधिकारियों को भी कारण बताओ नोटिस जारी किए गए हैं। विभाग के अनुसार, शिकायतकर्ताओं से संपर्क कर संतुष्टिपूर्वक शिकायतों का निराकरण किया जाना आवश्यक है। इसके बावजूद शिकायतों को गंभीरता से नहीं लेने और उचित कार्रवाई नहीं किए जाने पर संबंधित अधिकारियों से स्पष्टीकरण मांगा गया है।

जांच और जवाब के बाद तय होगी आगे की कार्रवाई

विभाग ने संबंधित अधिकारियों को तत्काल उपस्थित होकर अपना स्पष्टीकरण प्रस्तुत करने के निर्देश दिए हैं। संतोषजनक जवाब नहीं मिलने पर अनुशासनात्मक कार्रवाई के लिए प्रस्ताव भेजा जा सकता है। पेंशन जैसे संवेदनशील मामलों में शिकायतों का समय पर निराकरण और सेवानिवृत्त कर्मचारियों के हितों की सुरक्षा प्रशासन की जिम्मेदारी है। अब देखना होगा कि विभागीय नोटिस के बाद संबंधित मामलों में क्या कार्रवाई होती है।

नोट: पेंशन सारांशीकरण के नाम पर राशि मांगने का मामला शिकायत में लगाए गए आरोपों पर आधारित है। नोटिस जारी होना अपने आप में आरोप सिद्ध होना नहीं है। संबंधित पक्षों का जवाब प्राप्त होने पर उसे भी प्रमुखता से प्रकाशित किया जाना चाहिए।