थाना देहात पुलिस को मिली बड़ी सफलता, चोरी की दो मोटरसाइकिलें बरामद, दो आरोपी गिरफ्तार
छिंदवाड़ा। थाना देहात पुलिस ने वाहन चोरी के दो मामलों का खुलासा करते हुए चोरी गई दो मोटरसाइकिलें बरामद कर दो आरोपियों को गिरफ्तार किया है। पुलिस के अनुसार बरामद वाहनों की कुल अनुमानित कीमत लगभग 1.05 लाख रुपये है।
पुलिस से प्राप्त जानकारी के अनुसार, धागड़िया निवासी रंजीत डेहरिया ने शिकायत दर्ज कराई थी कि वह 2 मई 2026 को फ्रेंड्स कॉलोनी स्थित एक निर्माणाधीन मकान में मजदूरी करने गया था, जहां से उसकी मोटरसाइकिल (क्रमांक MP28MX1002) अज्ञात व्यक्ति द्वारा चोरी कर ली गई थी।
वहीं, एक अन्य मामले में ढीमराढाना निवासी पंकज डेहरिया ने रिपोर्ट दर्ज कराई थी कि 30 अप्रैल 2026 को वह एक शादी समारोह में शामिल होने बुद्धा मैरिज गार्डन पहुंचा था। कार्यक्रम स्थल के बाहर खड़ी उसकी मोटरसाइकिल (क्रमांक MP28NA3656) अज्ञात चोर द्वारा चोरी कर ली गई।
दोनों शिकायतों के आधार पर थाना देहात में संबंधित धाराओं के तहत प्रकरण दर्ज कर जांच शुरू की गई। थाना प्रभारी के निर्देशन में गठित पुलिस टीम ने तकनीकी साक्ष्यों एवं मुखबिर की सूचना के आधार पर संदिग्धों की तलाश की।
जांच के दौरान पुलिस ने प्रियदर्शनी कॉलोनी निवासी आकाश उर्फ अक्कू अहिरवार (33 वर्ष) तथा कृष्णा नगर निवासी कौशल साकरे (40 वर्ष) से पूछताछ की। पुलिस के अनुसार पूछताछ में दोनों आरोपियों ने चोरी की मोटरसाइकिलों के संबंध में जानकारी दी, जिसके बाद दोनों वाहन बरामद कर लिए गए।
पुलिस ने दोनों आरोपियों को गिरफ्तार कर न्यायालय में पेश किया है। मामले की आगे की जांच जारी है।
बरामद वाहन
मोटरसाइकिल क्रमांक MP28MX1002, अनुमानित कीमत ₹30,000
मोटरसाइकिल क्रमांक MP28NA3656, अनुमानित कीमत ₹75,000
कार्रवाई में प्रमुख भूमिका
इस कार्रवाई में थाना प्रभारी निरीक्षक गोविंद सिंह राजपूत, उपनिरीक्षक हर्ष नागले, सहायक उपनिरीक्षक सुरेंद्र यादव, आरक्षक शेर सिंह, सूरज, उमेश उइके एवं सौरभ की महत्वपूर्ण भूमिका रही।








