Home STATE

सागर में मंदिर की दीवार गिरी, नौ बच्चों की मौत..

दीवार गिरने के बाद राहत एवं बचाव कार्य में लगा प्रशासन…

By -admin
4 August 2024
पंचायत दिशा समाचार

सागर (म.प्र)-मध्य प्रदेश के सागर जिले के रहेली क्षेत्र के शाहपुर में बड़े हादसे की खबर है। यहां हरदौल मंदिर की एक दीवार अचानक भरभरा कर गिर गई। हादसे में नौ बच्चों के मारे जाने की सूचना है। मंदिर की यह दीवार 50 वर्ष पुरानी बताई जा रही है।

राहत एवं बचाव कार्य के लिए जिला प्रशासन की टीमें मौके पर पहुंच गई हैं। बता दें, यहां सावन के महीने में शिवलिंग का निर्माण कार्य चल रहा था। इसके पास ही कुछ बच्चे खेल रहे थे। इसी दौरान दीवार गिरी। सभी बच्चे 10 से 15 साल के हैं।

रविवार को अवकाश का दिन होने की वजह से शिवलिंग बनाने के लिए बच्चे भी बड़ी संख्या में पहुंचे। वे सुबह जब शिवलिंग बना रहे थे, तभी मंदिर परिसर के बाजू वाली करीब पचास साल पुरानी एक कच्ची दीवार भराभराकर गिर गई।

मुख्यमंत्री मोहन यादव ने अपने एक्स अकाउंट पर लिखा कि दीवार गिरने से 9 मासूम बच्चों के काल कवलित होने की खबर सुनकर मन व्यथित है। घायल बच्चों के उचित इलाज के लिए जिला प्रशासन को निर्देशित किया है। भगवान से करबद्ध प्रार्थना है कि दिवंगत बच्चों की आत्मा को शांति प्रदान करें। हादसे में घायल अन्य बच्चों के शीघ्र स्वास्थ्य लाभ की कामना करता हूं। जिन परिवारों ने मासूम बच्चों को खोया है, उनके प्रति मेरी गहरी संवेदनाएं हैं।

मुख्यमंत्री मोहन यादव ने बच्चों के परिजनों को चार-चार लाख रुपये मुआवजे की घोषणा की है..

मृतक बच्चों के परिजनों को शासन की तरफ से 4 -4 लाख रुपए की सहायता राशि दी जाएगी।