Home DHARMA भक्ति में सराबोर हुआ चौरई, छठवें वर्ष में पहुंची श्रीराम कथाकलश यात्रा...

भक्ति में सराबोर हुआ चौरई, छठवें वर्ष में पहुंची श्रीराम कथाकलश यात्रा में उमड़ा श्रद्धा का सैलाब, जय श्रीराम के जयघोष से गूंजा नगर..

भक्ति में सराबोर हुआ चौरई, छठवें वर्ष में पहुंची श्रीराम कथा
कलश यात्रा में उमड़ा श्रद्धा का सैलाब, जय श्रीराम के जयघोष से गूंजा नगर

छिंदवाड़ा/चौरई। नगर के बस स्टैंड के समीप स्थित मानस भवन में श्री राम सेवक परिवार द्वारा आयोजित भव्य श्रीराम कथा इस वर्ष अपने छठवें वर्ष में प्रवेश कर गई है। 6 सितंबर से 10 सितंबर तक आयोजित पांच दिवसीय श्रीराम कथा में सुप्रसिद्ध रामकथा वाचिका जया देवी जी (मालेगांव) श्रद्धालुओं को भगवान श्रीराम के जीवन चरित्र और आदर्शों से जुड़े प्रसंगों का रसपान करा रही हैं।
श्रीराम कथा के प्रथम दिवस चौरई नगर पूरी तरह भक्तिमय वातावरण में सराबोर नजर आया। कार्यक्रम का शुभारंभ विधिवत पूजा-अर्चना के साथ हुआ। सबसे पहले माता मंदिर में आरती की गई, जिसके पश्चात नगर में श्रद्धा और आस्था से ओतप्रोत भव्य जल कलश यात्रा निकाली गई।
कलश यात्रा में बड़ी संख्या में श्रद्धालुओं ने उत्साहपूर्वक सहभागिता की। महिलाओं ने सिर पर कलश धारण कर धार्मिक यात्रा में भाग लिया। यात्रा नगर के विभिन्न मार्गों से निकली, जहां जगह-जगह श्रद्धालुओं और नागरिकों द्वारा पुष्पवर्षा कर यात्रा का आत्मीय स्वागत किया गया।


जय श्रीराम के जयघोष से गूंज उठा चौरई
कलश यात्रा के दौरान पूरा नगर जय श्रीराम के जयघोष, भजनों और धार्मिक नारों से गूंज उठा। श्रद्धालुओं की उमड़ी भीड़ और धार्मिक उत्साह ने पूरे वातावरण को भक्तिमय बना दिया। जगह-जगह लोगों ने यात्रा का स्वागत करते हुए भगवान श्रीराम के प्रति अपनी आस्था और श्रद्धा प्रकट की।


श्री राम सेवक परिवार द्वारा पिछले पांच वर्षों से निरंतर श्रीराम कथा का आयोजन किया जा रहा है। इस वर्ष आयोजन के छठवें वर्ष में प्रवेश करने पर श्रद्धालुओं में विशेष उत्साह देखने को मिल रहा है।
आगामी पांच दिनों तक मानस भवन में श्रीराम कथा के माध्यम से भगवान श्रीराम के आदर्शों, उनके जीवन चरित्र और सनातन संस्कृति से जुड़े प्रसंगों का वर्णन किया जाएगा। आयोजकों ने क्षेत्र के श्रद्धालुओं से अधिक से अधिक संख्या में कथा में शामिल होकर भगवान श्रीराम के आदर्शों को अपने जीवन में अपनाने और धार्मिक आयोजन का पुण्य लाभ लेने की अपील की है