अमरवाड़ा के बाद अब तामिया में जंगली हाथी का हमला, बुजुर्ग घायल
बीजाढाना गांव में हाथी ने किया हमला, ग्रामीणों और वनकर्मियों ने घायल को पहुंचाया अस्पताल
छिंदवाड़ा/तामिया। अमरवाड़ा क्षेत्र के बाद अब जंगली हाथी की मौजूदगी और हमले की खबर तामिया क्षेत्र से सामने आई है। तामिया के बीजाढाना ग्राम में एक जंगली हाथी ने एक बुजुर्ग व्यक्ति पर हमला कर उसे घायल कर दिया।
घटना के बाद क्षेत्र में अफरा-तफरी का माहौल बन गया। ग्रामीणों ने तत्काल वन विभाग के कर्मचारियों को सूचना दी। इसके बाद ग्रामीणों और वनकर्मियों की मदद से घायल बुजुर्ग को उपचार के लिए तामिया अस्पताल ले जाया जा रहा है।
बताया जा रहा है कि हाथी के हमले के बाद आसपास के ग्रामीणों में दहशत का माहौल है। वन विभाग की टीम क्षेत्र में स्थिति पर नजर बनाए हुए है।
घायल व्यक्ति की स्थिति और घटना के संबंध में विस्तृत जानकारी का इंतजार है। वन विभाग के अधिकारियों का पक्ष प्राप्त होने पर उसे भी प्रमुखता से प्रकाशित किया जाएगा।






