पंचायत दिशा समाचार की खबर का असर: छिंदवाड़ा मुख्यालय के छात्रावास से हटाई गईं दो अधीक्षिकाएं, अब बाकी जगहों पर कब होगी कार्रवाई?
एक छात्रावास में तीन शिक्षिकाओं को प्रभार देने के मामले ने उठाए थे नियमों पर सवाल
रिपोर्ट -ठा.रामकुमार राजपूत
छिंदवाड़ा। पंचायत दिशा समाचार द्वारा आदिवासी पोस्ट मैट्रिक सीनियर कन्या छात्रावास में प्रभार व्यवस्था को लेकर प्रकाशित खबर का असर सामने आया है। खबर प्रकाशित होने के बाद जनजातीय कार्य विभाग के सहायक आयुक्त द्वारा छात्रावास में पदस्थ/प्रभार संभाल रही दो अधीक्षिकाओं को तत्काल छात्रावास से हटाए जाने की कार्रवाई किए जाने की जानकारी सामने आई है।
गौरतलब है कि जिला मुख्यालय स्थित आदिवासी पोस्ट मैट्रिक सीनियर कन्या छात्रावास में एक ही छात्रावास का प्रभार तीन शिक्षिकाओं को दिए जाने को लेकर शिकायत सामने आई थी। मामले में विभागीय नियमों और छात्रावास संचालन व्यवस्था पर सवाल उठाए गए थे।

शिकायतकर्ताओं का आरोप था कि छात्रावासों में अधीक्षक एवं अधीक्षिका की पदस्थापना तथा प्रभार व्यवस्था शासन के निर्धारित नियमों के अनुरूप होनी चाहिए। पंचायत दिशा समाचार ने इस मुद्दे को प्रमुखता से उठाते हुए सवाल किया था कि आखिर एक ही छात्रावास में तीन-तीन शिक्षिकाओं को प्रभार देने की आवश्यकता क्यों पड़ी और क्या यह व्यवस्था विभागीय प्रावधानों के अनुरूप थी?
खबर के बाद कार्रवाई, लेकिन बाकी छात्रावासों का क्या?
अब खबर के बाद दो अधीक्षिकाओं को हटाए जाने की कार्रवाई ने एक बार फिर जिले के अन्य छात्रावासों की व्यवस्थाओं पर सवाल खड़े कर दिए हैं। जानकारी के अनुसार, जिले में अभी भी कुछ ऐसे छात्रावास बताए जा रहे हैं, जहां एक ही छात्रावास में दो-दो अधीक्षक या अधीक्षिकाओं की पदस्थापना अथवा प्रभार व्यवस्था को लेकर सवाल उठ रहे हैं।

ऐसे में अब बड़ा सवाल यह है कि—
साहब, नियमों को भी देख लीजिए..!
यदि जिला मुख्यालय के छात्रावास में शिकायत और खबर के बाद कार्रवाई हो सकती है, तो अन्य छात्रावासों में कथित रूप से चल रही इसी तरह की व्यवस्थाओं की समीक्षा कब होगी?
क्या पूरे जिले में होगी प्रभार व्यवस्था की जांच?
जनजातीय कार्य विभाग के सहायक आयुक्त से अब अपेक्षा की जा रही है कि केवल एक छात्रावास तक कार्रवाई सीमित रखने के बजाय जिले के सभी छात्रावासों में अधीक्षक/अधीक्षिका की पदस्थापना और प्रभार व्यवस्था की समीक्षा कराई जाए।
पंचायत दिशा समाचार इस मुद्दे पर लगातार नजर बनाए हुए है। अन्य छात्रावासों में यदि नियमों के विपरीत पदस्थापना या दोहरे प्रभार की स्थिति पाई जाती है, तो विभाग द्वारा कब और क्या कार्रवाई की जाती है, यह देखना महत्वपूर्ण होगा।
https://panchayatdishanews.com/?p=11467
(समाचार में लगाए गए आरोपों और अन्य छात्रावासों की व्यवस्थाओं के संबंध में विभागीय अधिकारियों का पक्ष प्राप्त होने पर उसे भी प्रमुखता से प्रकाशित किया जाएगा।)







