लोक निर्माण विभाग के प्रभारी कार्यपालन यंत्री के.के. सिंगारे के ठिकानों पर EOW की कार्रवाई
आय से अधिक संपत्ति के मामले में जांच, जबलपुर EOW की बड़ी कार्रवाई
भोपाल। लोक निर्माण विभाग के प्रभारी कार्यपालन यंत्री के.के. सिंगारे के ठिकानों पर आर्थिक अपराध अन्वेषण प्रकोष्ठ (EOW) जबलपुर की टीम द्वारा कार्रवाई किए जाने की जानकारी सामने आई है। प्रारंभिक तौर पर यह कार्रवाई आय से अधिक संपत्ति के मामले में जांच से जुड़ी बताई जा रही है।
सूत्रों के अनुसार कार्रवाई के दौरान संपत्तियों और कीमती सामानों का आकलन करने के लिए विशेष उपकरणों की मदद ली जा रही है। सोने-चांदी की जांच एवं पहचान से संबंधित मशीनों के साथ-साथ नकदी की गणना के लिए नोट काउंटिंग मशीन भी मंगाए जाने की जानकारी सामने आई है।
बताया जा रहा है कि EOW की कार्रवाई बालाघाट के साथ-साथ भोपाल स्थित ठिकानों पर भी जारी है। जबलपुर आर्थिक अपराध अन्वेषण प्रकोष्ठ की टीम इस पूरे मामले में दस्तावेजों और संपत्तियों की जांच कर रही है।
अधिकारी फिलहाल कुछ भी कहने से बच रहे
कार्रवाई को लेकर संबंधित अधिकारियों ने फिलहाल सार्वजनिक रूप से विस्तृत जानकारी देने से इनकार किया है। ऐसे में जब्त दस्तावेजों, नकदी, आभूषणों और अन्य संपत्तियों के संबंध में आधिकारिक खुलासा होना बाकी है।
सूत्रों के मुताबिक दोपहर 3 बजे के बाद कार्रवाई को लेकर अधिकृत जानकारी या बड़ा खुलासा सामने आने की संभावना है। हालांकि इसकी आधिकारिक पुष्टि का इंतजार किया जा रहा है।
के.के. सिंगारे के संबंध में पूर्व में भी विभिन्न मामलों को लेकर चर्चाएं और शिकायतें सामने आने की बात कही जाती रही है, हालांकि वर्तमान कार्रवाई में किन तथ्यों और दस्तावेजों के आधार पर जांच की जा रही है, यह EOW की आधिकारिक जानकारी के बाद ही स्पष्ट हो सकेगा।
फिलहाल EOW की कार्रवाई जारी है। मामले में जैसे ही आधिकारिक जानकारी सामने आएगी, खबर को अपडेट किया जाएगा






