Home AGRICULTURE जंगली हाथी ने एक ग्रामीण को सूंड से पटककर किया घायल…

जंगली हाथी ने एक ग्रामीण को सूंड से पटककर किया घायल…

घायल ग्रामीण को वन विभाग की मदद से तत्काल सिविल अस्पताल अमरवाड़ा लाकर भर्ती कराया गया, जहां उसका उपचार जारी है।

जंगली हाथी ने ग्रामीण को सूंड से पटककर किया घायल
चौरई के जंगलों से अमरवाड़ा पहुंचा भटका हाथी, खेतों में मक्का की फसल को पहुंचा रहा नुकसान; वन विभाग ने ग्रामीणों को सतर्क रहने की दी हिदायत

विशेष रिपोर्ट /रामकुमार राजपूत

मोबाइल /8989115284 छिंदवाड़ा

छिंदवाड़ा/अमरवाड़ा। चौरई क्षेत्र के जंगलों से होते हुए अमरवाड़ा वन परिक्षेत्र में पहुंचे जंगली हाथी ने ग्राम चिखली चंदेरी में एक ग्रामीण पर हमला कर उसे गंभीर रूप से घायल कर दिया। हाथी ने ग्रामीण को अपनी सूंड से पटक दिया। घायल ग्रामीण को वन विभाग की मदद से तत्काल सिविल अस्पताल अमरवाड़ा लाकर भर्ती कराया गया, जहां उसका उपचार जारी है।


घटना के बाद ग्रामीणों और वन विभाग के कर्मचारियों ने घायल सुरेश को विशेष वाहन से सिविल अस्पताल अमरवाड़ा पहुंचाया। अस्पताल में उनका उपचार चल रहा है। उनकी स्थिति गंभीर बताई जा रही है।
दूर से निगरानी, रात में बढ़ाई गश्त
जंगली हाथी की लगातार आवाजाही को देखते हुए वन विभाग ने क्षेत्र में निगरानी बढ़ा दी है। वन मंडल अधिकारी, उपवन मंडल अधिकारी एवं अमरवाड़ा वन परिक्षेत्र अधिकारी के निर्देशन में वन अमला हाथी की गतिविधियों पर नजर बनाए हुए है। रात के समय भी वनकर्मियों द्वारा संवेदनशील क्षेत्रों में गश्त की जा रही है।
वन विभाग ने ग्रामीणों से अपील की है कि हाथी को देखने, भगाने या उसके नजदीक जाने का प्रयास बिल्कुल न करें। हाथी के आसपास भीड़ लगाने से खतरा बढ़ सकता है। ग्रामीण हाथी की मौजूदगी की सूचना तत्काल वन विभाग को दें और स्वयं सुरक्षित दूरी बनाए रखें।

घायल को अस्पताल देखने पहुंचे वन विभाग के उपवन मंडल अधिकारी अमरवाड़ा (एसडीओ)

शहडोल से सिवनी होते हुए पहुंचा अमरवाड़ा!
वन विभाग से जुड़े सूत्रों के अनुसार यह हाथी शहडोल क्षेत्र से कान्हा होते हुए सिवनी और फिर चौरई के जंगल एवं खेतिहर क्षेत्र में पहुंचा। यहां से विचरण करते हुए यह अमरवाड़ा वन क्षेत्र में आया और सालीवाड़ा होते हुए चिखली चंदेरी क्षेत्र तक पहुंच गया। हाथी लगातार अपना स्थान बदल रहा है, जिसके कारण उसकी सटीक लोकेशन का पता लगाने में वन अमले को चुनौती का सामना करना पड़ रहा है।
वन विभाग की टीम हाथी की गतिविधियों पर नजर रखते हुए उसके सुरक्षित नियंत्रण के लिए आवश्यक तैयारी कर रही है। समाचार लिखे जाने तक हाथी की सटीक लोकेशन की पुष्टि नहीं हो सकी थी। वन विभाग की टीमें लगातार क्षेत्र में सर्च एवं गश्त कर रही हैं।