Home CITY NEWS मुख्यमंत्री जनविश्वास अभियान में हर्रई पहुंचे कलेक्टर, अधिकारियों ने किया शासकीय संस्थाओं...

मुख्यमंत्री जनविश्वास अभियान में हर्रई पहुंचे कलेक्टर, अधिकारियों ने किया शासकीय संस्थाओं का निरीक्षण

मुख्यमंत्री जनविश्वास अभियान में हर्रई पहुंचे कलेक्टर, अधिकारियों ने किया शासकीय संस्थाओं का निरीक्षण
आंगनवाड़ी, स्कूल, अस्पताल और छात्रावास की व्यवस्थाएं देखीं; लापरवाही पर नोटिस के निर्देश

रिपोर्ट/ रामकुमार राजपूत

मोबाइल -8989115284
छिंदवाड़ा। मुख्यमंत्री जनविश्वास अभियान 2026 के तहत गुरुवार को कलेक्टर श्री हरेंद्र नारायन सहित जिला अधिकारियों की टीम विकासखंड हर्रई पहुंची। अधिकारियों ने विभिन्न शासकीय संस्थाओं का निरीक्षण कर व्यवस्थाओं और योजनाओं के जमीनी क्रियान्वयन का जायजा लिया। इस दौरान ग्रामीणों से संवाद कर उनकी समस्याएं सुनी गईं और संबंधित अधिकारियों को निराकरण के निर्देश दिए गए।
आंगनवाड़ी में बच्चों से किया संवाद
कलेक्टर ने ग्राम पंचायत बसुरिया खुर्द स्थित आंगनवाड़ी केंद्र का निरीक्षण किया। उन्होंने बच्चों से बातचीत कर उन्हें दिए जा रहे पोषण आहार की गुणवत्ता की जानकारी ली। बच्चों की गतिविधियों में रुचि लेते हुए उन्होंने उन्हें ड्राइंग शीट और ड्राइंग पेन भी भेंट किए।


स्कूल में सफाई व्यवस्था पर नाराजगी
प्राथमिक शाला बसुरिया कला के निरीक्षण के दौरान साफ-सफाई की व्यवस्था संतोषजनक नहीं मिलने पर कलेक्टर ने नाराजगी जताई। उन्होंने विद्यालय परिसर में स्वच्छता और पेयजल व्यवस्था बेहतर करने के निर्देश दिए। निगरानी में लापरवाही पाए जाने पर हर्रई बीआरसी के विरुद्ध कारण बताओ नोटिस जारी करने के निर्देश दिए गए।
कलेक्टर ने विद्यार्थियों से संवाद करते हुए भोजन से पहले और वॉशरूम के बाद साबुन से हाथ धोने की समझाइश भी दी।


सिविल अस्पताल और छात्रावास का भी निरीक्षण
सिविल अस्पताल हर्रई में कलेक्टर ने मरीजों को मिल रही स्वास्थ्य सुविधाओं, साफ-सफाई और अन्य व्यवस्थाओं की जानकारी ली। इसके बाद उत्कृष्ट बालक छात्रावास का निरीक्षण किया। छात्रावास परिसर में झाड़ियां और सफाई व्यवस्था संतोषजनक नहीं मिलने पर नाराजगी जताई गई। विद्यार्थियों के रहने, सोने और भोजन सहित अन्य व्यवस्थाओं का जायजा लेते हुए लापरवाही पर छात्रावास अधीक्षक को कारण बताओ नोटिस जारी करने के निर्देश दिए गए।


सांदीपनि विद्यालय में सुनी ग्रामीणों की समस्याएं
निरीक्षण के बाद सांदीपनि विद्यालय हर्रई में मुख्यमंत्री जनविश्वास अभियान के तहत शिविर आयोजित किया गया। यहां अमरवाड़ा विधायक कमलेश प्रताप शाह और कलेक्टर हरेंद्र नारायन ने ग्रामीणों से संवाद कर उनकी समस्याएं और शिकायतें सुनीं। ग्रामीणों द्वारा दिए गए आवेदनों पर संबंधित अधिकारियों से जानकारी लेकर आवश्यक कार्रवाई और निराकरण के निर्देश दिए गए।
कलेक्टर ने अधिकारियों को निर्देशित किया कि ग्रामीणों की समस्याओं का संवेदनशीलता के साथ निराकरण किया जाए और शासन की योजनाओं का लाभ पात्र हितग्राहियों तक प्रभावी रूप से पहुंचाया जाए। इस दौरान एसडीएम अमरवाड़ा हेमकरण धुर्वे सहित विभिन्न विभागों के अधिकारी मौजूद रहे।