उत्कृष्ट छात्रावास हर्रई में अव्यवस्थाओं पर अधीक्षक को कारण बताओ नोटिस
कलेक्टर के निरीक्षण में समय पर नाश्ता-भोजन नहीं, 100 बच्चों के लिए मिले सिर्फ 50 पलंग; गंदगी और खराब लाइटों पर भी जताई नाराजगी
छिंदवाड़ा। उत्कृष्ट छात्रावास हर्रई में सामने आई अव्यवस्थाओं और लापरवाही को लेकर कलेक्टर, जनजातीय कार्य विभाग ने छात्रावास अधीक्षक को कारण बताओ सूचना पत्र जारी किया है। पत्र में छात्रावास संचालन में लापरवाही एवं उदासीनता बरतने को गंभीरता से लेते हुए स्पष्टीकरण मांगा गया है।
जानकारी के अनुसार 27 अगस्त 2026 को कलेक्टर द्वारा उत्कृष्ट छात्रावास हर्रई का निरीक्षण किया गया। निरीक्षण के दौरान छात्रावास में बच्चों के लिए निर्धारित समय-सारणी के अनुसार व्यवस्थाएं संचालित नहीं मिलीं। पत्र के अनुसार बच्चों को सुबह 6:50 बजे उठना, 7 बजे नाश्ता तथा 9:30 बजे भोजन दिया जाना निर्धारित था, लेकिन निरीक्षण के दौरान निर्धारित समय पर उक्त कार्य होते नहीं पाए गए।

100 बच्चों के लिए सिर्फ 50 पलंग
निरीक्षण के दौरान छात्रावास में कई अन्य अनियमितताएं भी सामने आईं। पत्र में उल्लेख है कि छात्रावास में 100 बच्चे होने के बावजूद पलंगों की संख्या मात्र 50 पाई गई। परिसर में जगह-जगह कचरा जमा था, कमरों की जाली टूटी हुई मिली तथा साफ-सफाई का अभाव पाया गया।
इसके अलावा रविवार को बच्चों से झाड़ू-पोछा करवाए जाने और छात्रावास में अधिकांश लाइटें खराब होने की बात भी निरीक्षण में सामने आई। लाइटें खराब होने के कारण पर्याप्त रोशनी की व्यवस्था नहीं हो पा रही थी।
अधीक्षक पद से मुक्त करने तक की बात
कारण बताओ नोटिस में कहा गया है कि अधीक्षक द्वारा अपने कर्तव्यों के प्रति लापरवाही, उदासीनता एवं स्वेच्छाचारिता प्रदर्शित की गई है। विभाग ने पूछा है कि ऐसी स्थिति में उन्हें अधीक्षक के पद से मुक्त क्यों न किया जाए।
पत्र में मध्यप्रदेश सिविल सेवा (आचरण) नियम 1965 तथा मध्यप्रदेश सिविल सेवा (वर्गीकरण, नियंत्रण एवं अपील) नियम 1966 का उल्लेख करते हुए संबंधित अधीक्षक से निर्धारित समयावधि में अपना स्पष्टीकरण प्रस्तुत करने को कहा गया है। समय पर जवाब नहीं मिलने पर एकपक्षीय अनुशासनात्मक कार्रवाई किए जाने की चेतावनी भी दी गई है।








