एसएनसीयू हादसा: मुख्यमंत्री ने जताया दुख, मृतक बच्ची के परिजन को 4 लाख की सहायता
जबलपुर में इलाजरत दोनों बच्चों का पूरा खर्च उठाएगी सरकार
छिंदवाड़ा, जिला अस्पताल के एसएनसीयू में वॉर्मर मशीन में स्पार्क के कारण लगी आग की घटना में झुलसे तीन नवजात बच्चों में से एक बच्ची की जबलपुर में उपचार के दौरान मृत्यु हो गई। इस दुखद घटना पर मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव ने गहरा शोक व्यक्त किया है।

मुख्यमंत्री ने मृतक बच्ची के परिजन को 4 लाख रुपये की आर्थिक सहायता देने की घोषणा की है। उन्होंने शोकाकुल परिवार के प्रति संवेदना व्यक्त करते हुए दिवंगत बच्ची की आत्मा की शांति तथा परिजनों को यह दुख सहन करने की शक्ति देने की प्रार्थना की।
वहीं, हादसे में झुलसे दो अन्य नवजात बच्चों का जबलपुर मेडिकल कॉलेज में उपचार जारी है। मुख्यमंत्री डॉ. यादव ने निर्देश दिए हैं कि दोनों बच्चों के इलाज का पूरा खर्च राज्य सरकार वहन करेगी।
मुख्यमंत्री के निर्देश के बाद जिला प्रशासन छिंदवाड़ा के अधिकारी जबलपुर मेडिकल कॉलेज के डीन के लगातार संपर्क में हैं। दोनों बच्चों के स्वास्थ्य और उपचार की स्थिति पर प्रशासन द्वारा निरंतर नजर रखी जा रही है।
घटना के बाद जिला अस्पताल के एसएनसीयू की सुरक्षा व्यवस्था और वॉर्मर मशीनों की जांच को लेकर भी सवाल उठे हैं। हादसे के कारणों की जांच के साथ ही भविष्य में ऐसी घटनाओं की पुनरावृत्ति रोकने के लिए आवश्यक सुरक्षा इंतजामों पर भी जोर दिया जा रहा है।








