ट्रेन के इंतजार में खड़े थे यात्री, प्लेटफॉर्म पर घुस आई कार
पार्सल ऑफिस जाने के चक्कर में हुआ अजीबोगरीब हादसा, प्लेटफॉर्म किनारे फंसा कार का पहिया
छिंदवाड़ा। छिंदवाड़ा रेलवे स्टेशन के प्लेटफॉर्म नंबर-1 पर गुरुवार रात उस समय अफरा-तफरी मच गई, जब अचानक एक कार प्लेटफॉर्म के अंदर पहुंच गई। ट्रेन का इंतजार कर रहे यात्रियों ने जब प्लेटफॉर्म पर कार देखी तो वे हैरान रह गए। गनीमत रही कि उस समय प्लेटफॉर्म पर कोई ट्रेन नहीं आ रही थी, वरना बड़ा हादसा हो सकता था।
जानकारी के अनुसार कार क्रमांक एमपी 28 जेडएच 5279 को चालक अजय कुमार, निवासी शंकर नगर, लोनिया करबल, चला रहा था। बताया जा रहा है कि चालक पार्सल बुकिंग ऑफिस की ओर जाने के लिए कार लेकर निकला था, लेकिन रास्ते में कार प्लेटफॉर्म नंबर-1 के अंदर पहुंच गई।
प्लेटफॉर्म किनारे लटक गया पहिया
कार को प्लेटफॉर्म पर आते देखकर आरपीएफ के जवान तत्काल मौके पर पहुंचे। इसी दौरान चालक घबरा गया और कार का एक पहिया प्लेटफॉर्म के किनारे फंस गया। यात्रियों और आरपीएफ जवानों की मदद से कार को खींचकर प्लेटफॉर्म से बाहर निकाला गया।

आरपीएफ ने दर्ज किया मामला
आरपीएफ थाना प्रभारी उषा बिसेन के अनुसार, कार चालक से पूछताछ की गई। चालक ने बताया कि वह पार्सल बुकिंग ऑफिस की ओर जा रहा था और उसे इस बात का अंदाजा नहीं था कि कार प्लेटफॉर्म के अंदर पहुंच जाएगी। आरपीएफ ने पूछताछ के बाद मामला दर्ज कर फिलहाल चालक को छोड़ दिया।

घटना के बाद रेलवे स्टेशन की सुरक्षा व्यवस्था और प्लेटफॉर्म तक वाहनों की पहुंच को लेकर भी सवाल खड़े हो गए हैं। यदि उसी समय कोई ट्रेन प्लेटफॉर्म पर आ रही होती तो स्थिति बेहद गंभीर हो सकती थी।








