शिक्षक पर कार्रवाई : प्रधानपाठक पद से हटाकर हाईस्कूल में किया पदस्थ, अतिथि शिक्षकों को भी हटाया
छिन्दवाड़ा/ सहायक आयुक्त जनजातीय कार्यविभाग ने बताया कि जिले के विकासखंड जुन्नारदेव की ग्राम पंचायत बिचबेहरी में ग्राम सभा के दौरान शिकायत सामने आई थी कि शासकीय माध्यमिक शाला बिचबेहरी में पदस्थ माध्यमिक शिक्षक श्री लोकेन्द्र लोधी एवं संस्था में कार्यरत अतिथि शिक्षक सुश्री दीपिका राठौर दरवाजा बंद करके बातें करते रहते हैं, छात्रों को डांटते हैं, स्कूल का संचालन निर्धारित समय तक नहीं करते हैं। साथ ही अन्य अतिथि शिक्षक श्री राजू माउसकर, श्री ओमप्रकाश भलावी, सुश्री भारती नागले संस्था में देरी से पहुंचते हैं एवं जल्दी चले जाते हैं तथा कक्षा में पढ़ाने में लापरवाही करते हैं, जिसका वीडियो सोशल मीडिया में प्रसारित हुआ था।

इस संबंध में विकासखंड शिक्षा अधिकारी द्वारा जांच कराई गई। जांच में शिकायत सही होना पाया गया। जांच के आधार पर पदस्थ माध्यमिक शिक्षक श्री लोकेन्द्र लोधी को विकासखंड शिक्षा अधिकारी जुन्नारदेव के आदेश 18 अगस्त 2026 के द्वारा उनकी कार्यप्रणाली/आचरण संबंधी शिकायत को लेकर प्रधानपाठक के पद से हटाकर विकासखंड जुन्नारदेव के हाईस्कूल कुकुरपानी में कार्य करने के लिए आदेशित कर दिया गया है।
साथ ही कार्यालय सहायक आयुक्त जनजातीय कार्य विभाग छिन्दवाड़ा के पत्र 19 अगस्त 2026 के द्वारा कारण बताओ नोटिस जारी किया गया। इसके अलावा इनके विरुद्ध निलंबन की कार्यवाही हेतु प्रस्ताव संभागीय उपायुक्त, जनजातीय कार्य तथा अनुसूचित जाति विकास जबलपुर संभाग जबलपुर को प्रेषित किया जा रहा है। संस्था में पदस्थ समस्त अतिथि शिक्षकों को विकासखंड शिक्षा अधिकारी जुन्नारदेव द्वारा माध्यमिक शाला बिचबेहरी से तत्काल हटा दिया गया है।








