21 अगस्त को बादगांव में लगेगा मुख्यमंत्री जन-विश्वास शिविर
चौरई विकासखंड में होगा क्षेत्र भ्रमण, जिला अधिकारियों को शिकायतों के त्वरित निराकरण के निर्देश
छिंदवाड़ा। मुख्यमंत्री जन-विश्वास अभियान के तहत जिले में आमजन की समस्याओं के त्वरित निराकरण और शासकीय योजनाओं के प्रभावी क्रियान्वयन को लेकर अगला क्षेत्र भ्रमण कार्यक्रम शुक्रवार 21 अगस्त को चौरई विकासखंड के बादगांव में आयोजित किया जाएगा।
कलेक्टर श्री नारायण ने बताया कि निर्धारित रोस्टर के अनुसार आयोजित होने वाले इस जन-विश्वास शिविर में सभी जिला अधिकारियों की अनिवार्य उपस्थिति सुनिश्चित की गई है। अधिकारियों को निर्देश दिए गए हैं कि शिविर में अधिक से अधिक आमजन की शिकायतें प्राप्त कर उनका यथासंभव मौके पर निराकरण सुनिश्चित किया जाए।
शिविर से पहले संबंधित विभागों के अधिकारी अपने-अपने विभाग से जुड़ी शासकीय संस्थाओं का निरीक्षण करेंगे। निरीक्षण के बाद परख ऐप पर ऑनलाइन निरीक्षण प्रतिवेदन दर्ज करना भी अनिवार्य किया गया है।
कलेक्टर ने निर्देश दिए कि जिस प्रकार जिला अधिकारी क्षेत्र भ्रमण पर रहेंगे, उसी प्रकार सभी एसडीएम एवं ब्लॉक स्तर के अधिकारी भी अपने-अपने क्षेत्रों में भ्रमण कर शासकीय संस्थाओं की व्यवस्थाओं का जायजा लें। उन्होंने अधिकारियों को अभियान का प्रभावी क्रियान्वयन सुनिश्चित करने तथा आमजन की समस्याओं के निराकरण में किसी प्रकार की लापरवाही नहीं बरतने के निर्देश दिए हैं।
मुख्यमंत्री जन-विश्वास शिविर के माध्यम से ग्रामीण क्षेत्रों में पहुंचकर प्रशासन द्वारा लोगों की समस्याओं को सीधे सुनने और उनके समाधान की प्रक्रिया को गति देने का प्रयास किया जा रहा है।








