जन-विश्वास शिविर में कलेक्टर का सख्त एक्शन: घटिया पुलिया निर्माण पर इंजीनियर को दो दिन में निलंबित करने के आदेश
सीएम हेल्पलाइन में गलत शिकायत करने वाले सहायक शिक्षक पर भी जांच के निर्देश
रिपोर्ट रामकुमार छिंदवाड़ा
छिंदवाड़ा/तामिया। मुख्यमंत्री जन-विश्वास अभियान-2026 के तहत शुक्रवार को ग्राम पंचायत छिंदी स्थित जनपद पंचायत तामिया में आयोजित खंड स्तरीय शिविर में प्रशासन ने शिकायतों को गंभीरता से लेते हुए सख्त कार्रवाई के निर्देश दिए। शिविर में खापाखुर्द पंचायत में पुलिया निर्माण की गुणवत्ता को लेकर सामने आई शिकायत पर कलेक्टर श्री हरेंद्र नारायण ने जनपद पंचायत के इंजीनियर वेदप्रकाश यादव के विरुद्ध कार्रवाई करते हुए दो दिन के भीतर निलंबन की प्रक्रिया पूरी करने के निर्देश दिए।

जनपद पंचायत अध्यक्ष तुलसा परतेती ने कलेक्टर के समक्ष खापाखुर्द पंचायत में निर्मित पुलिया के घटिया निर्माण की शिकायत रखी थी। शिकायत सामने आते ही कलेक्टर ने मामले को गंभीरता से लिया और संबंधित इंजीनियर के विरुद्ध कार्रवाई के निर्देश दिए। इससे निर्माण कार्यों की गुणवत्ता को लेकर जिम्मेदार अधिकारियों और कर्मचारियों में हड़कंप की स्थिति बन गई।
हरेंद्र नारायण कलेक्टर छिंदवाड़ा
सीएम हेल्पलाइन की गलत शिकायत पर भी जांच
शिविर के दौरान सीएम हेल्पलाइन की शिकायतों की समीक्षा में एक अन्य मामला सामने आया। तहसील से संबंधित गलत शिकायत किए जाने के मामले में सहायक शिक्षक राजेंद्र परतेती के विरुद्ध कलेक्टर ने जांच के आदेश दिए। प्रशासन ने स्पष्ट किया कि सीएम हेल्पलाइन पर दर्ज शिकायतों की समीक्षा गंभीरता से की जा रही है और गलत अथवा भ्रामक शिकायत पाए जाने पर नियमानुसार कार्रवाई की जाएगी।
आंगनवाड़ी, स्वास्थ्य केंद्र और राशन दुकान का निरीक्षण
शिविर से पहले कलेक्टर श्री हरेंद्र नारायण, पुलिस अधीक्षक श्री अजय पाण्डेय एवं जिला पंचायत सीईओ श्री अग्रिम कुमार ने क्षेत्र का भ्रमण कर विभिन्न शासकीय संस्थानों का निरीक्षण किया। अधिकारियों ने आंगनवाड़ी केंद्र, प्राथमिक स्वास्थ्य केंद्र और शासकीय उचित मूल्य दुकान की व्यवस्थाओं का जायजा लिया तथा ग्रामीणों से सीधे संवाद कर उनकी समस्याएं सुनीं।
अधिकारियों ने संबंधित विभागों को शिकायतों के शीघ्र एवं संतोषजनक निराकरण के निर्देश दिए। शिविर में छिंदी, चोपना, चौराडोंगरी और बिजोरी पठार सहित आसपास की ग्राम पंचायतों से बड़ी संख्या में ग्रामीण पहुंचे और अपनी समस्याएं अधिकारियों के समक्ष रखीं।
जन-विश्वास शिविर में मंच से दिए गए सख्त कार्रवाई के निर्देशों ने साफ संकेत दिया कि शिकायतों और शासकीय निर्माण कार्यों में लापरवाही को प्रशासन अब गंभीरता से ले रहा है।








