Home CITY NEWS तिरंगे के रंग में रंगा छिंदवाड़ा, भव्य तिरंगा यात्रा में उमड़ा राष्ट्रभक्ति...

तिरंगे के रंग में रंगा छिंदवाड़ा, भव्य तिरंगा यात्रा में उमड़ा राष्ट्रभक्ति का सैलाब..

तिरंगे के रंग में रंगा छिंदवाड़ा, भव्य तिरंगा यात्रा में उमड़ा राष्ट्रभक्ति का सैलाब
हजारों की संख्या में नागरिक, विद्यार्थी, एनसीसी-एनएसएस कैडेट्स और खिलाड़ियों ने लिया हिस्सा, भारत माता के जयकारों से गूंजा शहर

रिपोर्ट रामकुमार राजपूत

छिंदवाड़ा। हर घर तिरंगा अभियान के अंतर्गत मंगलवार को दशहरा मैदान (पोला ग्राउंड) से भव्य तिरंगा यात्रा निकाली गई। हाथों में राष्ट्रीय ध्वज लेकर बड़ी संख्या में नागरिक, युवा, विद्यार्थी, जनप्रतिनिधि, सामाजिक संगठनों के सदस्य और कार्यकर्ता यात्रा में शामिल हुए। भारत माता के जयकारों और देशभक्ति के नारों से शहर का वातावरण राष्ट्रभक्ति से सराबोर नजर आया।


तिरंगा यात्रा में स्कूली विद्यार्थियों के साथ एनसीसी और एनएसएस कैडेट्स ने उत्साहपूर्वक सहभागिता की। हाथों में तिरंगा लेकर देशभक्ति के नारों के साथ कदम से कदम मिलाते विद्यार्थियों ने यात्रा का उत्साह बढ़ाया। विभिन्न खेलों से जुड़े खिलाड़ियों ने भी राष्ट्रीय ध्वज के साथ यात्रा में भाग लेकर राष्ट्रप्रेम, एकता और अनुशासन का संदेश दिया।
जगह-जगह हुआ यात्रा का स्वागत
तिरंगा यात्रा के मार्ग में शहरवासियों ने जगह-जगह यात्रा का स्वागत किया। भारत माता के जयकारों और देशभक्ति के नारों से पूरा मार्ग गूंजता रहा। सामाजिक एवं धार्मिक संगठनों, विभिन्न समाजों, युवाओं और आम नागरिकों की सहभागिता से यात्रा व्यापक जनभागीदारी वाले आयोजन में तब्दील हो गई।
यात्रा के दौरान राष्ट्रीय ध्वज के प्रति सम्मान और देशभक्ति का उत्साह देखते ही बना। बड़ी संख्या में लोगों ने तिरंगे के साथ यात्रा में शामिल होकर राष्ट्रीय एकता और अखंडता का संदेश दिया।
आयोजकों ने कहा कि हर घर तिरंगा अभियान महज एक कार्यक्रम नहीं, बल्कि राष्ट्र के प्रति सम्मान, राष्ट्रीय एकता और अखंडता की भावना को मजबूत करने वाला जनअभियान है। तिरंगा यात्रा में उमड़ी भीड़ ने छिंदवाड़ा में तिरंगे के प्रति सम्मान और राष्ट्रभक्ति की भावना को प्रदर्शित किया।