Home CITY NEWS

छिंदवाड़ा जिला पंचायत CEO अग्रिम कुमार बने जबलपुर नगर निगम आयुक्त

मध्यप्रदेश शासन के सामान्य प्रशासन विभाग ने जारी किए पदस्थापना आदेश, आगामी आदेश तक अस्थायी रूप से किया गया पदस्थ

छिंदवाड़ा। मध्यप्रदेश शासन के सामान्य प्रशासन विभाग द्वारा भारतीय प्रशासनिक सेवा के अधिकारियों की नवीन पदस्थापना के संबंध में 18 अक्टूबर 2026 को आदेश जारी किया गया है। जारी आदेश के अनुसार छिंदवाड़ा जिला पंचायत के मुख्य कार्यपालन अधिकारी (CEO) अग्रिम कुमार को जबलपुर नगर निगम का आयुक्त पदस्थ किया गया है।

शासन द्वारा जारी आदेश में उल्लेख किया गया है कि संबंधित अधिकारियों को आगामी आदेश तक अस्थायी रूप से नवीन पद पर पदस्थ किया जा रहा है। अग्रिम कुमार वर्तमान में जिला पंचायत छिंदवाड़ा के मुख्य कार्यपालन अधिकारी के पद पर कार्यरत थे। अब उन्हें नगर निगम जबलपुर की जिम्मेदारी सौंपी गई है।

सामान्य प्रशासन विभाग द्वारा जारी आदेश पर मध्यप्रदेश शासन के मुख्य सचिव अशोक वर्णवाल के हस्ताक्षर हैं। इस प्रशासनिक फेरबदल के तहत अन्य अधिकारियों की पदस्थापना में भी बदलाव किया गया है।