हर्रई में कल लगेगा जन-समस्या निवारण शिविर, ग्रामीणों को त्वरित निराकरण की उम्मीद
मुख्यमंत्री जन-विश्वास अभियान के तहत 27 अगस्त को होगा जनसंवाद, आदिवासी बहुल क्षेत्र के ग्रामीण रखेंगे अपनी समस्याएं
छिंदवाड़ा। मुख्यमंत्री जन-विश्वास अभियान के अंतर्गत आमजन की समस्याओं के त्वरित निराकरण और शासकीय योजनाओं का प्रभावी क्रियान्वयन सुनिश्चित करने के उद्देश्य से विकासखंड स्तर पर जन-समस्या निवारण शिविर एवं जनसंवाद कार्यक्रम आयोजित किए जा रहे हैं। इसी क्रम में विकासखंड हर्रई में कल 27 अगस्त, गुरुवार को जन-समस्या निवारण शिविर का आयोजन किया जाएगा।
जिले में मुख्यमंत्री जन-विश्वास अभियान के तहत 7 अगस्त 2026 से 8 जनवरी 2027 तक प्रत्येक शुक्रवार को जन-समस्या निवारण शिविर एवं जनसंवाद कार्यक्रम आयोजित करने के लिए रोस्टर जारी किया गया है। हालांकि, 28 अगस्त को रक्षाबंधन का त्योहार होने के कारण हर्रई विकासखंड का शिविर एक दिन पहले 27 अगस्त को आयोजित करने का निर्णय लिया गया है।
कलेक्टर द्वारा जारी आदेश के अनुसार शिविर के लिए निर्धारित स्थल एवं नोडल अधिकारी पूर्व में जारी आदेश के अनुसार ही रहेंगे।
ग्रामीणों की समस्याओं के निराकरण पर रहेगी नजर
हर्रई विकासखंड आदिवासी बहुल क्षेत्र होने के कारण यहां ग्रामीणों को विभिन्न शासकीय योजनाओं, राजस्व, पंचायत, शिक्षा, स्वास्थ्य, बिजली, पानी, राशन , जनजाति कार्य विभाग के छात्रावास में बच्चों की परेशानी, छात्रावास में अधीक्षक के द्वारा लापरवाही, विभागों से संबंधित समस्याओं का सामना करना पड़ता है। ऐसे में जन-समस्या निवारण शिविर ग्रामीणों के लिए अपनी शिकायतें सीधे अधिकारियों के सामने रखने का अवसर होगा।
अब देखने वाली बात होगी कि शिविर में ग्रामीणों की शिकायतों का मौके पर कितनी संख्या में निराकरण होता है और कितनी शिकायतें केवल आवेदन लेकर आगे की कार्रवाई के लिए भेजी जाती हैं। ग्रामीणों को उम्मीद है कि मुख्यमंत्री जन-विश्वास अभियान के तहत उनकी वर्षों पुरानी समस्याओं का भी त्वरित और प्रभावी समाधान किया जाएगा।
प्रशासन का दावा है कि अभियान का उद्देश्य आमजन को शासकीय सेवाओं और योजनाओं का लाभ समय पर उपलब्ध कराना तथा शिकायतों के निराकरण की प्रक्रिया को अधिक प्रभावी बनाना है।








