Home CITY NEWS जन विश्वास अभियान में लापरवाही पड़ी भारी, प्राचार्य अमित जैन हटाए गए..!

जन विश्वास अभियान में लापरवाही पड़ी भारी, प्राचार्य अमित जैन हटाए गए..!

जन विश्वास अभियान में लापरवाही पड़ी भारी, प्राचार्य अमित जैन हटाए गए
सुरलाखापा में जनसंवाद के दौरान अधिकारियों ने सुनीं ग्रामीणों की समस्याएं, स्कूलों का किया निरीक्षण; बीईओ को भी समय पर शिविर में पहुंचने की हिदायत

छिंदवाड़ा/सुरलाखापा। जन विश्वास अभियान के तहत सुरलाखापा में आयोजित जनसंवाद एवं निरीक्षण कार्यक्रम के दौरान शासकीय स्कूलों की व्यवस्थाओं और शिक्षा की गुणवत्ता को लेकर अधिकारियों ने सख्त रुख अपनाया। अभियान के दौरान अधिकारियों एवं जनप्रतिनिधियों ने ग्रामीणों से सीधे संवाद कर उनकी समस्याएं सुनीं और मौके पर संबंधित अधिकारियों को निराकरण के निर्देश दिए।
इसी दौरान शासकीय उच्चतर माध्यमिक विद्यालय सुरलाखापा के निरीक्षण में सामने आई व्यवस्थाओं और लगातार मिल रही शिकायतों को गंभीरता से लेते हुए प्रभारी संकुल प्राचार्य एवं प्रभारी प्राचार्य अमित जैन को प्राचार्य पद से मुक्त कर दिया गया है। सहायक आयुक्त, जनजातीय कार्य विभाग छिंदवाड़ा द्वारा जारी आदेश के अनुसार उच्च माध्यमिक शिक्षक श्रीमती सीमा निषाद को प्रभारी संकुल प्राचार्य एवं प्रभारी प्राचार्य का प्रभार आगामी आदेश तक सौंपा गया है।


शिक्षा व्यवस्था को लेकर अधिकारियों का सख्त संदेश
जन विश्वास अभियान के दौरान अधिकारियों ने स्कूलों का निरीक्षण करते हुए शैक्षणिक व्यवस्था पर विशेष ध्यान दिया। ग्रामीणों की ओर से लगातार सामने आ रही शिकायतों के बीच अधिकारियों ने स्पष्ट किया कि स्कूलों में पढ़ाई का स्तर बेहतर होना चाहिए और कार्य में किसी भी प्रकार की लापरवाही बर्दाश्त नहीं की जाएगी।
वहीं प्राथमिक विद्यालय के निरीक्षण के दौरान अधिकारियों ने विद्यालय की व्यवस्थाओं को व्यवस्थित करने और आवश्यक चेकर्स/चेकिंग व्यवस्था लागू करने के निर्देश दिए।
जनता से सीधा संवाद, मौके पर दिए निराकरण के निर्देश
शिविर में जनप्रतिनिधियों और अधिकारियों ने ग्रामीणों से सीधे संवाद कर उनकी समस्याएं सुनीं। विभिन्न विभागों से जुड़ी शिकायतों पर संबंधित अधिकारियों को समय-सीमा में कार्रवाई करने के निर्देश दिए गए। अधिकारियों ने कहा कि जन विश्वास अभियान का उद्देश्य जनता की समस्याओं को सुनकर उनका प्रभावी निराकरण करना है।
बीईओ को भी समय पर पहुंचने की हिदायत
शिविर में विकासखंड शिक्षा अधिकारी (बीईओ) के देरी से पहुंचने पर अधिकारियों ने नाराजगी जताते हुए उन्हें भी सख्त हिदायत दी। अधिकारियों ने स्पष्ट संदेश दिया कि जनता से जुड़े शिविरों और शासकीय कार्यों में समय की पाबंदी जरूरी है।
लापरवाही पर कार्रवाई, बेहतर काम पर सम्मान
अधिकारियों ने कहा कि शासकीय कार्य में लापरवाही करने वालों के खिलाफ कार्रवाई की जाएगी, वहीं जिम्मेदारी के साथ बेहतर कार्य करने वाले कर्मचारियों और अधिकारियों की सराहना भी की जाएगी।
आदेश में क्या कहा गया: कार्यालय एवं विद्यालय संचालन की दृष्टि से प्रभारी संकुल प्राचार्य एवं प्रभारी प्राचार्य शासकीय उच्चतर माध्यमिक विद्यालय सुरलाखापा विकासखंड हर्रई अमित जैन को पद से मुक्त कर अध्यापन कार्य करने के लिए आदेशित किया गया है। साथ ही श्रीमती सीमा निषाद को प्रभारी संकुल प्राचार्य एवं प्रभारी प्राचार्य का प्रभार आगामी आदेश तक सौंपा गया है। आदेश 21 अगस्त 2026 से प्रभावशील किया गया है।