Home CITY NEWS दर्जनों शिकायतों के बाद जागा बिछुआ वन विभाग, अवैध रेत से भरा...

दर्जनों शिकायतों के बाद जागा बिछुआ वन विभाग, अवैध रेत से भरा आयशर टिप्पर पकड़ा

दर्जनों शिकायतों के बाद जागा बिछुआ वन विभाग, अवैध रेत से भरा आयशर टिप्पर पकड़ा
ग्रामीणों की शिकायतों के बाद वन विभाग की कार्रवाई, जाखावाड़ी वन चौकी क्षेत्र में पकड़ा गया वाहन

रिपोर्ट- रामकुमार राजपूत
छिंदवाड़ा। जिले में रेत के अवैध उत्खनन और परिवहन को लेकर लगातार सवाल उठ रहे हैं। आरोप है कि बिछुआ वन परिक्षेत्र में वन क्षेत्र से होकर गुजरने वाली नदियों और जलस्रोतों से रात के अंधेरे में रेत का अवैध उत्खनन एवं परिवहन किया जा रहा है। ग्रामीणों द्वारा इस संबंध में कई बार वन विभाग को शिकायतें किए जाने के बावजूद कार्रवाई नहीं होने से विभाग की कार्यप्रणाली पर सवाल खड़े हो रहे थे।
लगातार शिकायतों के बाद आखिरकार बिछुआ वन विभाग की टीम ने कार्रवाई करते हुए जाखावाड़ी वन चौकी क्षेत्र में अवैध रेत परिवहन करते एक आयशर टिप्पर क्रमांक MP 28 ZN 9390 को पकड़ लिया।
वन विभाग के अनुसार, टीम को मुखबिर से अवैध रेत परिवहन की सूचना प्राप्त हुई थी। सूचना के आधार पर गत दिवस रात्रि ड्यूटी के दौरान जाखावाड़ी क्षेत्र में कार्रवाई करते हुए उक्त वाहन को पकड़ा गया। वाहन को जब्त कर मामले की विधिवत विवेचना शुरू कर दी गई है।
कार्रवाई से उठे कई सवाल..
ग्रामीणों का कहना है कि यदि वन क्षेत्र में लंबे समय से अवैध रेत परिवहन की शिकायतें मिल रही थीं, तो विभाग ने पहले ही प्रभावी कार्रवाई क्यों नहीं की? क्या वन क्षेत्र से रेत का अवैध उत्खनन और परिवहन लगातार जारी था? अब एक वाहन पकड़े जाने के बाद विभाग क्या पूरे नेटवर्क की जांच करेगा या कार्रवाई केवल एक वाहन तक सीमित रह जाएगी?
ग्रामीणों ने वन विभाग से मांग की है कि क्षेत्र में रेत के अवैध उत्खनन और परिवहन की निष्पक्ष जांच कराकर इसमें शामिल लोगों के खिलाफ सख्त कार्रवाई की जाए, ताकि जल, जंगल और जमीन को हो रहे नुकसान पर रोक लग सके।
अब देखने वाली बात यह होगी कि वन विभाग की यह कार्रवाई महज एक वाहन पकड़ने तक सीमित रहती है या रेत के पूरे अवैध कारोबार की जड़ तक पहुंचती है